अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का ऐलान बस कुछ ही दिनों में होने वाला है ऐसे में हर भारतीय फैन की निगाहें भारतीय टीम के सेलेक्शन पर हैं। इस बीच एक नाम ऐसा भी है जिसने 8 साल बाद भारतीय क्रिकेट फैंस और सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ी है और वो नाम है करुण नायर, जो विजय हजारे ट्रॉफी में गेंदबाजों का काल बन चुके हैं।

Advertisement

करुण नायर ने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले तक 752 की औसत से रन बनाए हैं। गुरुवार को 50 ओवर के टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में, करुण ने सिर्फ 44 गेंदों पर 88 रनों की पारी खेली और इस तूफानी पारी के चलते ही विदर्भ ने वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में 50 ओवरों में 3 विकेट पर 380 रन का पहाड़नुमा स्कोर बनाया।

Advertisement

करुण नायर ने अपनी पारी में पांच छक्के और नौ चौके लगाए, जिससे विदर्भ ने अपना स्कोर 350 के पार पहुंचाया। विदर्भ की अगुआई कर रहे कर्नाटक के बल्लेबाज 48वें ओवर की शुरुआत में 51 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन अपनी आखिरी 13 गेंदों पर नायर ने अपनी फिनिशिंग पावर का प्रदर्शन करते हुए 37 रन बना दिए। इस पारी को मिलाकर करुण नायर ने विजय हजारे ट्रॉफी में सात पारियों में 752 रन बनाए हैं और उनका औसत भी इतना ही है।

करुण ने टूर्नामेंट में पांच शतक बनाए हैं, जिनमें से चार शतक उन्होंने लगातार बनाए हैं। करुण नायर के इस धमाकेदार फॉर्म को देखते हुए भारतीय फैंस यही उम्मीद करेंगे कि ना सिर्फ उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका दिया जाए बल्कि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी चुना जाए। करुण नायर का फॉर्म बिल्कुल सही समय पर आया है, क्योंकि भारतीय मुख्य चयनकर्ता 18 या 19 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज और 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम चुनने के लिए बैठक करने वाले हैं। ऐसे में नायर को इस बार नजरअंदाज करना चयनकर्ताओं के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होगा।

आपको बता दें कि करुण नायर का क्रिकेट सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक तिहरा शतक लगाने के बावजूद, उन्हें कुछ ही समय बाद भारतीय टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया, इस फैसले ने कई लोगों को हैरान कर दिया था। इसके अलावा नायर को वनडे करियर में भी सीमित सफलता मिली, जिसमें उन्होंने सिर्फ़ दो मैच खेले।

Advertisement

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार