Kevin Pietersen All Time IPL XI: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज़ केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) ने अपनी ऑल टाइम आईपीएल इलेवन का चुनाव किया है। गौरतलब है कि इस टीम में उन्होंने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ और हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) जैसे विस्फोटक ऑलराउंडर को जगह नहीं दी है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि केविन पीटरसन ने अपनी ये ऑल टाइम आईपीएल इलेवन For The Love of Cricket पॉडकास्ट में चुनी। यहां जोस बटलर ने केविन पीटरसन को हर पॉजिशन के लिए कुछ खिलाड़ियों के ऑप्शन दिए जिसमें से चुनते हुए उन्होंने अपनी टीम पूरी की।
गौर करें जोस बटलर ने सलामी बल्लेबाज़ों के तौर पर केविन के सामने चार ऑप्शन रखे थे जिनमें क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, रोहित शर्मा और विराट कोहली मौजूद थे। यहां इंग्लैंड के दिग्गज ने ये नाम सुनते ही तुरंत क्रिस गेल और विराट कोहली को अपने ओपनर के तौर पर चुना। इसके बाद उन्होंने अपने तीन मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ों का चुनाव किया जिसमें उन्होंने सुरेश रैना, एबी डी विलियर्स और महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर) को अपनी पसंद कहकर टीम में जगह दी।
बताते चलें कि उन्होंने ये तीनों ही खिलाड़ी केएल राहुल, ग्लेन मैक्सवेल, ऋषभ पंत, युवराज सिंह और कीरोन पोलार्ड जैसे दिग्गजों से ऊपर रखकर चुने थे। इसके बाद केविन पीटरसन ने अपने ऑलराउंडर्स को चुनाव किया जहां उन्होंने आंद्रे रसेल, सुनील नारायण और रविंद्र जडेजा को पिक किया। यहां उन्होंने हार्दिक पांड्या और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों को नज़रअंदाज़ किया था।
आखिरी में केविन ने एक स्पिनर और दो तेज गेंदबाज़ चुनकर अपनी IPL XI पूरी की जिसमें युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा शामिल हैं। गौरतलब है कि उन्होंने राशिद खान और हरभजन सिंह से ऊपर रखकर युजवेंद्र चहल को चुना है, वहीं उन्होंने किसी भी दूसरे गेंदबाज़ का नाम सुने बिना ही जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा को अपनी फाइनल XI में शामिल किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
केविन पीटरसन की ऑल टाइम आईपीएल XI: क्रिस गेल, विराट कोहली, एबी डी विलियर्स, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), आंद्रे रसेल, रविंद्र जडेजा, सुनील नारायण, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा।