जयपुर, 25 मार्च (CRICKETNMORE)| ओपनर क्रिस गेल (79) के बाद आखिरी ओवरों में अपने गेंदबाजों के करिश्माई प्रदर्शन के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के अपने पहले मैच में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को 14 रन से हरा दिया। पंजाब की इस मैदान पर राजस्थान के खिलाफ पिछले छह मैचों में यह पहली जीत है। 

Advertisement

पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 184 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर राजस्थान को निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 170 रन पर रोक दिया। 

Advertisement

पंजाब से मिले 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को उसके दोनों ओपनरों कप्तान अजिंक्य रहाणे (27) और जोस बटलर (69) ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 78 रन की साझेदारी कर टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। 

बटलर ने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को तोड़ने के लिए कप्तान रविचंद्रन अश्विन खुद को गेंदबाजी मोर्चे पर लेकर आए। अश्विन ने अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर रहाणे को क्लीन बोल्ड इस साझेदारी का अंत किया। रहाणे ने 20 गेंदों पर चार चौके लगाए। 

अश्विन ने मैच के 12.5 ओवर में बड़े ही नाटकीय अंदाज में बटलर को भी रन आउट कर दिया। बटलर ने 43 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। 

राजस्थान को जीत के लिए अंतिम 30 गेंदों पर 50 रन बनाने थे लेकिन सैम कुरेन ने 16.4 ओवर में स्मिथ (19) को और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर संजू सैमसन (30) को आउट कर पंजाब को मैच में वापसी करा दिया। 

Advertisement

स्मिथ ने 16 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का जबकि सैमसन ने 25 गेंदों पर एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। 

इसके बाद मुजीब उर रहमान ने बेन स्टोक्स (6) को आउट कर राजस्थान को पांचवां झटका दिया। स्टोक्स जब आउट हुए तब राजस्थान को जीत के लिए 15 गेंदों पर 28 रन बनाने थे। मुजीब ने अपने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी (1) को आउट कर पंजाब को जीत की ओर अग्रसर कर दिया। 

राजस्थान को अंतिम 12 गेंदों पर जीत के लिए 27 रन की दरकार थी लेकिन टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बाद नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी। 

Advertisement

पंजाब की ओर से कुरेन, मुजीब और अंकित राजपूत ने दो-दो जबकि अश्विन ने एक विकेट लिया। 

इससे पहले, पंजाब ने क्रिस गेल (79) के शानदार अर्धशतक की मदद से चार विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर बनाया और उसके गेंदबाजों ने इस स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया। 

पंजाब ने चार रन के अंदर ही लोकेश राहुल (4) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद गेल ने मयंक अग्रवाल (22) के साथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 और सरफराज खान (नाबाद 46) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। 

Advertisement

मयंक टीम के 60 के स्कोर पर और गेल टीम के 144 के स्कोर पर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। गेल को बेन स्टोक्स ने सीमा रेखा पर राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराया। 

गेल ने 47 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने इस दौरान आईपीएल में अपने सबसे तेज 4000 रन भी पूरे कर लिए। 

निकोलस पूरन ने 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाए। सरफराज और पूरन के बीच चौथे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी हुई। 

Advertisement

सरफराज ने 29 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाकर पंजाब को निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 184 के स्कोर तक पहुंचाया। टीम ने अंतिम चार ओवरों में 39 रन जोड़े। मनदीप सिंह ने दो गेंदों पर नाबाद पांच रन बनाए। 

राजस्थान की ओर से स्टोक्स ने दो और धवल कुलकर्णी तथा कृष्णप्पा गौतम ने एक-एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार