KL Rahul Record: दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल (KL Rahul) ने शनिवार, 25 अप्रैल को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के सामने महज़ 67 गेंदों पर 16 चौके और 9 छक्के ठोककर नाबाद 152 रन बनाए। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने कई खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।
तोड़ा ऋषभ पंत का रिकॉर्ड: केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब IPL में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने DC के पूर्व कैप्टन ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया है। ऋषभ ने साल 2018 में दिल्ली के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 128 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा केएल राहुल दिल्ली के लिए IPL में शिखर धवन और डेविड वॉर्नर की बराबरी करके संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक मारने वाले बैटर भी बन गए हैं। इन तीनों ही खिलाड़ियों ने 2-2 बार ये कारनामा किया है।
तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा का भी रिकॉर्ड टूटा: केएल राहुल ने अपनी 152* रनों की पारी के दम पर अब बतौर भारतीय टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। उन्होंने तिलक वर्मा का रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया है जिन्होंने साल SMAT 2024/25 के सीजन में हैदराबाद के लिए मेघायल के सामने 151 रन ठोके थे। ध्यान दें कि सिर्फ ये दो खिलाड़ी ही बतौर भारतीय टी20 में 150 या उससे ज्यादा रन बना पाए हैं।
इसके अलावा केएल राहुल बतौर भारतीय IPL में भी सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बैटर भी बन चुके हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज था। उन्होंने साल 2025 के सीजन में पंजाब किंग्स के सामने ही 141 रनों की पारी खेली थी।
क्रिस गेल की कर ली बराबरी: केएल राहुल ने अपने आईपीएल करियर का छठा शतक ठोका है और अब वो IPL टूर्नामेंट में क्रिस गेल की बराबरी करके तीसरे सर्वाधिक शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में उनसे ऊपर सिर्फ विराट कोहली (8 शतक) और जोस बटलर (7 शतक) ही मौजूद हैं।
सुरेश रैना को भी पछाड़ा: 34 साल के केएल राहुल ने IPL में अपने 5,579 रन पूरे कर लिए हैं और अब वो मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना को पीछे छोड़कर इस टूर्नामेंट में पांचवें सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर विराट कोहली हैं जिन्होंने अब तक 8,989 रन बनाए हैं। उनके अलावा रोहित शर्मा (7,183 रन), शिखर धवन (6,769 रन) और डेविड वॉर्नर (6,565) भी केएल राहुल से आगे हैं।
DC ने PBKS के सामने रखा 265 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य: IPL 2026 का 35वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मेजबान टीम दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल (67 गेंदों पर नाबाद 152 रन) और नितीश राणा (44 गेंदों पर 91 रन) की तूफानी पारियों के दम पर अपनी इनिंग के 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर 264 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
यानी यहां से ये मुकाबला जीतने के लिए अब पंजाब किंग्स को 120 गेंदों पर 265 रन बनाने होंगे। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो ये पहाड़ जैसा लक्ष्य हासिल कर पाते हैं या नहीं। बता दें कि वो खबर लिखे जाने तक 2.3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 43 रन ठोक चुके हैं। पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट में अब तक कोई मुकाबला नहीं हारा है। देखें लाइव स्कोर कार्ड