भारतीय टीम के अनुभवी लेग स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) इस समय इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप 2026 में यॉर्कशायर की ओर से खेल रहे हैं और बुधवार (29 जुलाई) को वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए डबल विकेट मेडन ओवर डाल दिया।
31 वर्षीय कुलदीप हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई वनडे सीरीज के बाद यॉर्कशायर से जुड़े थे। इंग्लैंड दौरे पर उन्हें भारत की ओर से एक भी वनडे या टी20 मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, काउंटी क्रिकेट में उतरते ही उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींच लिया है।
वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप अपने पहले नौ ओवरों में बिना विकेट लिए 34 रन दे चुके थे। ऐसा लग रहा था कि उन्हें इस मैच में सफलता नहीं मिलेगी, लेकिन अपने आखिरी ओवर में उन्होंने शानदार वापसी की।
उन्होंने पहले बेयर्स स्वानेपूल (1 रन) को बोल्ड किया और फिर उसी ओवर में फतेह सिंह (0 रन) का विकेट भी झटक लिया। खास बात यह रही कि इस पूरे ओवर में उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। इस तरह कुलदीप ने डबल विकेट मेडन ओवर फेंकते हुए अपने 10 ओवर के स्पेल को 2 विकेट और 34 रन के आंकड़े के साथ खत्म किया।
VIDEO:
टीम के अन्य गेंदबाजों और कुलदीप की इस बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत यॉर्कशायर ने वॉर्सेस्टरशायर को 50 ओवर में सिर्फ 230 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद यॉर्कशायर के बल्लेबाजों ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और टीम ने 40.4 ओवर में ही छह विकेट रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
आपको बता दें कि अब तक कुलदीप यॉर्कशायर के लिए तीन वनडे कप मुकाबले खेल चुके हैं और सिर्फ 4.88 की शानदार इकॉनमी रेट से छह विकेट अपने नाम कर लिए हैं। वहीं टीम के लिए बल्ले से भी अहम योगदान देते हुए 2 पारियों में 34.00 की औसत से 34 रन बनाए हैं।