कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) यॉर्कशायर के साथ अपने पहले काउंटी सीजन के लिए तैयार हैं। वह 24 जुलाई से 2 अगस्त के बीच वन-डे कप में काउंटी टीम के लिए पांच मैच खेलेंगे। फिर सितंबर में सीज़न के अपने आखिरी तीन काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए लौटेंगे। बीच में वह इंग्लैंड से वापस लौटेंगे क्यों भारतीय टीम को अगस्त में दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए श्रीलंका जाना है और कुलदीप संभवत: इस दौरे का हिस्सा होंगे।
हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर खेले गए दस लिमिटेड ओर मैचों में से किसी में भी कुलदीप को खेलने का मौका नहीं मिला। यह दौरा पिछले रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए आखिरी वनडे मैच के साथ खत्म हुआ।
कुलदीप ने एक बयान में कहा, "मुझे हमेशा से इंग्लैंड के हालात में खेलने की चुनौती पसंद रही है और मैनेजमेंट से बात करने के बाद, मैं टीम से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हो गया। मैं हेडिंग्ले में अपने समय के दौरान सकारात्मक योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।"
बता दें कि कुलदीप अभी तक तीन बार भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए हैं और उन्हें इस देश में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है। 2018 में लॉर्ड्स में एकमात्र टेस्ट मैच और उस मुकाबले में भी उन्हें सिर्फ नौ ओवर गेंदबाजी मिली थी।
उन्होंने आखिरी बार जून में अफ़गानिस्तान के खिलाफ़ एकमात्र टेस्ट मैच खेला था और कुल मिलाकर 18 टेस्ट मैचों में 22.35 की औसत से 79 विकेट लिए हैं। वनडे में उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा है 121 मैचों में 194 विकेट, जिसमें 25 रन देकर 6 विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दो टीमों का भी हिस्सा रहे हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुलदीप इस सीज़न में चैंपियनशिप में खेलने वाले भारत के दूसरे एक्टिव स्पिनर हैं। स्पिनर मानव सुथार वार्विकशायर की टीम से खेल रहे हैं।