LNS vs BPH, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड 2026 का 28वां मुकाबला बीते रविवार, 09 अगस्त को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम लॉर्ड्स में खेला गया था जहां लंदन स्पिरिट ने 82 गेंदों पर 163 रनों का लक्ष्य हासिल करके बर्मिंघम फीनिक्स को 7 विकेट से मात दी। इस मुकाबले के हीरो लियाम लिविंगस्टोन और डेवाल्ड ब्रेविस रहे जिन्होंने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। लियाम लिविंगस्टोन को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में London Spirit ने ही टॉस जीतकर Birmingham Phoenix को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 4 विकेट खोकर 162 रन बनाए। उनके लिए जो क्लार्क ने 42 गेंदों पर 4 चौके 5 छक्के लगाकर 73 रन और शॉन डिक्सन ने 28 गेंदों पर 4 चौके 3 छक्के ठोककर नाबाद 51 रन जोड़े।
बात करें अगर लंदन स्पिरिट के गेंदबाज़ों की तो एडम मिल्ने, जेम्स कोल्स, मेसन क्रेन और हेनरी क्रोकोम्ब ने एक-एक झटका।
यहां से अब London Spirit के सामने जीत हासिल करने के लिए 163 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज़ लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (11 गेंदों पर 16 रन) और जॉनी बेयरस्टो (03 गेंदों पर 10 रन) तो सस्ते में आउट हो गए, लेकिन कप्तान लियाम लिविंगस्टोन और डेवाल्ड ब्रेविस ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक लगा दिए।
लियान लिविंगस्टोन ने महज़ 30 गेंदों पर 7 चौके 4 छक्के लगाकर 220 की स्ट्राइक रेट से 66 रन बनाए, वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने 31 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के जड़ते हुए नाबाद 55 रनों की पारी खेली। इसी बीच जेम्स कोल्स ने भी 7 गेंदों पर नाबाद 09 रन जोड़े और ऐसे लंदन स्पिरिट ने अपनी 82वीं गेंद पर लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
बताते चलें कि बर्मिंघम फीनिक्स के लिए सात खिलाड़ियों ने गेंदबाज़ी की, लेकिन सिर्फ तीन ही सफलता हासिल कर पाए। साकिब महमूद, टॉम हेल्म और जॉर्डन थॉम्पसन ने एक-एक विकेट झटका।
Also Read: LIVE Cricket Score
पॉइंट्स टेबल का हाल: लंदन स्पिरिट और बर्मिंघम फीनिक्स, ये दोनों ही टीमें पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं और फाइनल या एलिमिनेटर खेलने की रेस से बाहर हो चुकी हैं। लंदन स्पिरिट सातवीं पॉजिशन पर है, उनके नाम 7 मैचों में 2 जीत और 8 अंक दर्ज हैं। दूसरी तरफ बर्मिंघम फीनिक्स ने टूर्नामेंट में सिर्फ एक जीत दर्ज की है। उनके नाम अपने 7 मैचों के बाद सिर्फ 4 अंक दर्ज हैं। बात करें टेबल टॉपर की तो वो ट्रेंट रॉकेट्स हैं। उन्होंने अब तक अपने 7 में से 6 मुकाबले जीते और 24 अंक हासिल किए।