IND vs NZ: टीम इंडिया ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस सीरीज में कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिला था, क्योंकि कई बड़े खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा होने के चलते उपलब्ध नहीं थे। अब आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए इन खिलाड़ियों की वापसी की उम्मीद है। ऐसे में वेस्टइंडीज सीरीज में शामिल रहे इन तीन खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ सकता है।

1. ध्रुव जुरेल
इस लिस्ट में पहला नाम ध्रुव जुरेल का है। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम में केएल राहुल के साथ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के विकल्प के तौर पर शामिल किया गया था। हालांकि, जुरेल को पूरी सीरीज में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। वह तीनों मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे।

अब एशियन गेम्स के बाद ईशान किशन की टीम में वापसी की उम्मीद है। ईशान के वनडे टीम में वापस आने से जुरेल के लिए न्यूजीलैंड दौरे की टीम में अपनी जगह बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।

2. आकिब नबी
दूसरा नाम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी का है। उन्हें पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया था। इससे पहले उन्हें अगस्त 2026 में श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट टीम में भी जगह मिली थी, लेकिन वह वहां अपना टेस्ट डेब्यू नहीं कर सके थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे में आकिब नबी को वनडे डेब्यू का मौका मिला। हालांकि, उनका पहला मुकाबला उनके लिए यादगार नहीं रहा। उन्होंने 8.5 ओवर में 84 रन खर्च किए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके।

भारत के पास तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। इसके अलावा एशियन गेम्स के बाद जसप्रीत बुमराह की भी टीम में वापसी की उम्मीद है। ऐसे में नबी के लिए न्यूजीलैंड की वनडे टीम में जगह बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

3. रविंद्र जडेजा
इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का है। जडेजा इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए उनकी वापसी हुई। जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मुकाबले खेले, लेकिन उनका प्रदर्शन गेंद से कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने दो मैचों में सिर्फ 2 विकेट हासिल किए। वहीं, उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका भी नहीं मिला।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके बाद उन्हें तीसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया। अब एशियन गेम्स के बाद अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर की वनडे टीम में वापसी हो सकती है। दोनों ही टीम के लिए स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर विकल्प देते हैं। ऐसे में जडेजा के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में टीम में अपनी जगह बनाए रखना आसान नहीं होगा। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार