SA vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास (Litton Das) ने टेस्ट क्रिकेट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका की पहली पारी में उन्होंने विकेट के पीछे कुल आठ शिकार किए। इसमें छह कैच और दो स्टंपिंग शामिल हैं। इसके साथ ही लिटन टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए हैं।
लिटन ने यह उपलब्धि मैच के चौथे दिन यानी बुधवार (18 नवंबर) को हासिल की। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर वसीम बारी, इंग्लैंड के बॉब टेलर, न्यूजीलैंड के इयन स्मिथ और वेस्टइंडीज के रिडले जैकब्स और जॉशुआ डा सिल्वा को पीछे छोड़ा। इन्होंने टेस्ट मैच की एक पारी में सात शिकार किए थे।
टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर
1. लिटन दास (बांग्लादेश) – 8 शिकार बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग (2026)
2. वसीम बारी (पाकिस्तान) – 7 शिकार बनाम न्यूजीलैंड (1979)
3. बॉब टेलर (इंग्लैंड) – 7 शिकार बनाम भारत (1980)
4. इयन स्मिथ (न्यूजीलैंड) – 7 शिकार बनाम श्रीलंका (1991)
5. रिडले जैकब्स (वेस्टइंडीज) – 7 शिकार बनाम ऑस्ट्रेलिया (2000)
6. जॉशुआ डा सिल्वा (वेस्टइंडीज) – 7 शिकार बनाम साउथ अफ्रीका (2022)
लिटन दास ने अपनी शानदार विकेटकीपिंग की शुरुआत एडेन मार्करम का कैच पकड़कर की। हसन महमूद की गेंद पर उन्होंने मार्करम को पवेलियन भेजा। इसके बाद मोमिनुल हक की गेंद पर उन्होंने जुबैर हमजा का कैच लपका, जिन्होंने 83 रन बनाए थे। वहीं मैथ्यू ब्रीत्जके को भी लिटन दास ने ही विकेट के पीछे कैच लेकर चलता किया।
इसके बाद दूसरी नई गेंद से गेंदबाजी शुरू होने पर भी लिटन का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने वियान मुल्डर, मार्को यानसन और साइमन हार्मर के कैच भी लपके।
लिटन ने छह कैच के अलावा दो अहम स्टंपिंग भी कीं। दोनों विकेट मेहदी हसन मिराज की गेंद पर मिले। उन्होंने पहले रयान रिकेल्टन को स्टंप आउट किया, जिन्होंने 102 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद कगिसो रबाडा भी आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद चूक गए और लिटन ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। रबाडा ने 72 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
एक पारी में शतक और आठ शिकार करने वाले पहले खिलाड़ी
लिटन दास ने इस मुकाबले में सिर्फ विकेट के पीछे ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी कमाल किया। उन्होंने बांग्लादेश की पहली पारी में 179 गेंदों पर 120 रन की शतकीय पारी खेली थी। इस तरह वह टेस्ट क्रिकेट में एक ही मैच की पारी में शतक लगाने और विकेट के पीछे छह से ज्यादा शिकार करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए। इससे पहले साउथ अफ्रीका के डेनिस लिंडसे और एबी डिविलियर्स ने टेस्ट मैच की एक पारी में शतक के साथ छह-छह शिकार किए थे।