लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) के 18वें मुकाबले में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर (Vijay Shankar) आखिरी ओवर में टीम को जीत नहीं दिला सके। उनकी टीम कंडी रॉयल्स को जीत के लिए अंतिम छह गेंदों में 22 रन चाहिए थे, लेकिन श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका (Dilshan Madushanka) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पूरा ओवर मेडन डाल दिया।

Advertisement

यह मुकाबला गुरुवार (30 जुलाई) को जाफना किंग्स और कंडी रॉयल्स के बीच पल्लेकेले में खेला गया। कंडी के कप्तान वानिंदु हसरंगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जाफना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 221 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कामिल मिशारा ने 26 गेंदों में 49 रन, चमिंदु विक्रमसिंघे ने 15 गेंदों में 43 रन और अविष्का फर्नांडो ने 22 गेंदों में 36 रन की अहम पारियां खेलीं।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कंडी रॉयल्स की शुरुआत ठीक ठाक ही रही। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज पवन दे सिल्वा ने 21 गेंदों में 48 और लाहिरू इगलागामगे ने 15 गेंदों में 30 रन बनाए। इसके बाद मध्य ओवरों में शाहीन अफरीदी (24 रन 14 गेंद) और वानिंदु हसरंगा (24 रन 12 गेंद) ने भी कुछ रन जोड़कर टीम को मैच में बनाए रखा।

मैच का सबसे बड़ा मोड़ आखिरी ओवर रहा। विजय शंकर 15 गेंदों में 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे और कंडी को जीत के लिए छह गेंदों में 22 रन चाहिए थे। लेकिन दिलशान मदुशंका ने अंतिम ओवर में पूरी कहानी बदल दी। 

Also Read: LIVE Cricket Score

ओवर की पहली पांच गेंदों में विजय शंकर एक भी रन नहीं निकाल पाए। आखिरी गेंद मदुशंका ने शॉर्ट बॉल डाली। विजय शंकर ने इस पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई। इसी के साथ उनका विकेट भी गिर गया और मदुशंका ने जाफना किंग्स को 21 रन से शानदार जीत दिला दी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार