इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 32वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार, 22 अप्रैल को इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में बारिश को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे दिन आसमान साफ़ रहने की उम्मीद है। यहां तक कि रात के समय भी तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना ना के बराबर है जिसका मतलब ये है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिलने वाला है। दोनों ही टीमें अपना पिछला मैच हारकर आ रही हैं इसलिए फैंस को एक मज़ेदार टक्कर देखने को मिलने वाली है।
गौरतलब है कि इन दोनों ही टीमों के बीच पिछले आईपीएल सीजन सिर्फ एक ही मुकाबला खेला गया था जो कि लखनऊ की टीम ने 180 रन डिफेंड करके राजस्थान रॉयल्स से रोमांचक अंदाज़ में 2 रनों से जीता था। इस मुकाबले में एडेन मार्कराम (45 गेंदों पर 66 रन) और आयुष बडोनी (34 गेंदों पर 50 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ये मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा जहां टॉस जीतने वाली टीम रन चेज़ करने का फैसला कर सकती है। IPL के मौजूदा सीजन में यहां अब तक दो मुकाबले खेले गए हैं जो कि दोनों ही रन चेज करने वाली टीमों ने जीते। बात करें अगर IPL 2026 में यहां खेले गए आखिरी मुकाबले की तो वो गुजरात टाइटंस की टीम ने 18.4 ओवर में लखनऊ के खिलाफ 165 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीता था। इस मुकाबले में 38.4 ओवर के खेल में कुल 329 रन बने और 11 विकेट गिरे।