पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार (2 जून) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज सलमान अली आगा को शानदार गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि माज सदाकत खाता नहीं खोल सके। इसके बाद बाबर आजम से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 16 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
महज 5 ओवर के भीतर तीन विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान मुश्किल में था। ऐसे समय में सलमान अली आगा पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी थी, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।
पारी के आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर शॉर्ट ने एक तेज और थोड़ी फुलर लेंथ की गेंद डाली। यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर पिच हुई और अंदर आती हुई नजर आई, लेकिन टप्पा खाने के बाद सीधी निकल गई। सलमान अली आगा गेंद को स्पिन मानकर खेलने गए, लेकिन वह पूरी तरह चकमा खा गए और गेंद सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई।
VIDEO:
स्टंप बिखरते ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने जोरदार जश्न मनाया, जबकि आगा भी कुछ पल तक हैरानी से विकेट की ओर देखते रहे। उनकी पारी सिर्फ 10 गेंदों में 7 रन बनाकर समाप्त हुई और पाकिस्तान का पावरप्ले के अंदर ही 44 रन पर चौथा विकेट गिर गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 231 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए कैमरून ग्रीन (53) और कप्तान जोश इंगलिस (51) ने अर्धशतकीय पारियां खेली। वहीं मैट रेनशॉ (43) और ओलिवर पीक (31) ने भी उपयोगी रन जोड़े।