Mitchell Marsh Unfortunate Run Out Video: लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के सलामी बल्लेबाज़ मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने बीते शुक्रवार, 15 मई को इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के गेंदबाज़ों की बेरहमी से कुटाई की और महज़ 38 गेंदों पर 9 चौके और 7 छक्के ठोककर 90 रन बनाए। गौरतलब है कि इस मुकाबले में मिचेल मार्श को बैटिंग करता देख सभी को लगा था कि वो अपनी सेंचुरी जरूर पूरी करेंगे, लेकिन 90 रनों के निजी स्कोर पर किस्मत ने मार्श का ऐसा हाथ छोड़ा कि वो बेहद ही अनलकी तरीके से आउट हो गए।
दरअसल, ये पूरी घटना LSG की इनिंग के 12वें ओवर में घटी। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ये ओवर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ मुकेश चौधरी करने आए थे जिसकी पांचवीं गेंद पर निकोलस पूरन ने एक स्ट्रेट ड्राइव खेली। ध्यान दें कि निकोलस पूरन के बैट से टकराने के बाद ये बॉल सीधा नॉन स्ट्राइकर एंड की तरफ गई, जहां वो गेंदबाज़ मुकेश चौधरी के हाथ से लगकर सीधा विकेट से टकराई।
सबसे बड़ी बात, जब ये पूरी घटना घटी तब मिचेल मार्श अपनी क्रीज से बाहर निकले हुए थे। उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी कि पूरन का शॉट बॉलर के हाथ से टकराएगा और फिर विकेट पर भी लग जाएगा। तो इस तरह मिचेल मार्श अनलकी तरीके से रन आउट हुए और उन्हें 90 रनों के निजी स्कोर पर ही पवेलियन लौटना पड़ा। IPL ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि 34 साल के मिचेल मार्श साल 2026 के IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे सफल बल्लेबाज़ बनकर सामने आए हैं। उन्होंने सीजन में LSG के लिए 12 मैचों में लगभग 39 की औसत और 162.15 की स्ट्राइक रेट से 467 रन ठोके हैं। उनके बाद लखनऊ के लिए सीजन में सर्वाधिक रन कैप्टन ऋषभ पंत ने बनाए जो कि 251 रन हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया था जहां चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता मिला और उन्होंने कार्तिक शर्मा की 71 रनों (42 गेंद) की पारी के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श ने 38 गेंदों पर 90 रन ठोके जिसके दम पर LSG ने सिर्फ 16.4 ओवर में 188 रनों का टारगेट चेज किया और 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले के बाद CSK पॉइंट्स टेबल पर छठे पायदान पर खिसक गई है, वहीं LSG 10वें पायदान पर ही है।