पूर्व अफगान तेज गेंदबाज शापूर जादरान के निधन से पूरे अफगानिस्तान क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। काबुल एयरपोर्ट पर जब उनके पार्थिव शरीर को लाया गया, तो राशिद खान, रहमानुल्लाह गुरबाज, मोहम्मद नबी और कई अन्य खिलाड़ी खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान अब इस दुनिया में नहीं रहे। मंगलवार (7 जुलाई) को भारत में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। उनके जाने से अफगान क्रिकेट को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि शापूर उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
शापूर जादरान के पार्थिव शरीर को जब काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया, तब वहां का माहौल बेहद भावुक हो गया। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान, विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी, कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी, अजमतुल्लाह उमरजई और कई अन्य खिलाड़ी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई खिलाड़ी अपने आंसू नहीं रोक पाए। राशिद खान और गुरबाज समेत कई खिलाड़ियों की आंखें नम नजर आईं। यह नजारा बताता है कि शापूर जादरान सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि अफगान क्रिकेट परिवार के लिए एक प्रेरणास्रोत थे।
VIDEO:
गौरतलब है कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि शापूर जादरान पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें स्टेज-4 हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) नाम की दुर्लभ और जानलेवा बीमारी थी, जो शरीर में गंभीर सूजन पैदा करती है और कई अंगों को प्रभावित कर सकती है।
बताया गया कि उनकी तबीयत पिछले साल अक्टूबर से खराब थी। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भारत लाया गया और मई से वह ICU में भर्ती थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
Also Read: LIVE Cricket Score
शापूर जादरान ने साल 2009 से 2020 के बीच अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इस दौरान उन्होंने कुल 80 अंतरराष्ट्रीय विकेट अपने नाम किए।