महेंद्र सिंह धोनी एक ऐसा नाम जिसने बेशक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो लेकिन आए दिन वो किसी ना किसी कारण से सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। एक बार फिर से माही सुर्खियों में हैं लेकिन इस बार वजह एक पाकिस्तानी गेंदबाज़ है, जिसे उन्होंने तोहफा दिया है।
भारत को दो वर्ल्ड कप दिलाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज हारिस राउफ (Haris Rauf) को अपनी चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी तोहफे में दी है जिसको पाने के बाद इस पाकिस्तानी बॉलर ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी का इज़हार किया है।
राउफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, “लेजेंड और कैप्टन कूल धोनी ने मुझे ये खूबसूरत तोहफा देकर सम्मानित किया है। सात नंबर अभी भी अपने व्यवहार से लोगों का दिल जीत रहा है। रसल तुम्हारा भी साथ देने के लिए शु्क्रिया।”
आपको बता दें कि राउफ इस समय ऑस्ट्रेलियाई लीग बिग बैश में मेलबर्न स्टार्स की तरफ से खेल रहे हैं। अब तक खेले गए दो मुकाबलों में ये पाकिस्तानी बॉलर तीन विकेट ले चुका है। अगर आप पाकिस्तानी फैन हैं तो आप यही उम्मीद करेंगे कि राउफ आने वाले मैचों में अपने देश का नाम रौशन करें।