विजय हजारे ट्रॉफी 2021 सीजन का फाइनल मुंबई और उत्तर प्रदेश के बीच 14 मार्च को यहां के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में जाने के लिए मुंबई ने जहां कर्नाटक को 72 रनं से हराया वहीं उप्र ने गुजरात को पांच विकेट से हराया।
अरुण जेटली स्टेडियम में उप्र ने पहले जीत हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया। उसने अक्शदीप नाथ (71) की शानदार पारी और यश दयाल (3/34) की बेहतरीन गेंदबाजी से गुजरात को पांच विकेट से हराया।
गुजरात की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हेत पटेल के 87 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 60 रन की बदौलत 48.1 ओवर में 184 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने अक्शदीप के 104 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 71 रन की पारी की बदौलत 42.4 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाकर मैच जीत लिया।
गुजरात की पारी में हेत के अलावा पियूष चावला ने 32, ध्रुव रावल ने 23, तेजस पटेल ने 13, रिपल पटेल ने 11 और राहुल वी शाह ने 10 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की तरफ से यश के अलावा आकीब खान ने दो, शिवम वर्मा ने एक और अक्श्दीप ने एक विकेट लिया।
उत्तर प्रदेश की पारी में कप्तान करन शर्मा ने 38, माधव कौशिक ने 15, प्रियम गर्ग ने 15 और समर्थ सिंह ने 11 रनों का योगदान दिया जबकि उपेंद्र यादव 31 और समीर चौधरी चार रन बनाकर नाबाद रहे।
गुजरात की तरफ से चिंतन गाजा ने दो विकेट, तेजस पटेल ने एक, पीयूष ने एक और करन ने एक विकेट लिया। उधर, पालम ए मैदान पर सलामी बल्लेबाजी पृथ्वी शॉ (165) के शानदार शतक से मुंबई ने कर्नाटक को 72 रनों से हरायै।
मुंबई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वी के 122 गेंदों पर 17 चौकों और सात छक्कों की मदद से 165 रनों की पारी की बदौलत 49.2 ओवर में 322 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम 42.4 ओवर में 250 रन ही बना सकी। कर्नाटक की ओर से देवदत्त पडीकल ने 64 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 64 रन बनाए।
मुंबई की पारी में पृथ्वी के अलावा शम्स मुलानी ने 45, शिवम दुबे ने 27, अमनहकीम खान ने 25 और आदित्य तारे ने 16 रन बनाए।
कर्नाटक की तरफ से विजयकुमार विशक ने चार विकेट, प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन, रॉनित मोरे ने एक, श्रेयस गोपाल ने एक और कृष्णप्पा गौतम ने एक विकेट लिया।
कर्नाटक की पारी में पडीकल के अलावा शरत बीआर ने 39 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन, श्रेयस ने 33, करुण नायर ने 29 और गौतम ने 28 रन बनाए।
मुंबई की तरफ से तुषार देशपांडे, तनुश कोटियान, प्रशांत सोलंकी और मुलानी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि धवल कुलकर्णी और यशस्वी जायसवाल को एक-एक विकेट मिला।