मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी से पूरी तरह ठीक हो गए हैं और उन्होंने बीते सोमवार, 04 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के खिलाफ 44 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैदान पर धमाकेदार वापसी की है। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले MI के प्रैक्टिस सेशन में हिटमैन के शॉट से एक ग्राउंड स्टाफ चोटिल हो गया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, MI ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जो कि करीब 1 मिनट 4 सेकंड का है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रोहित बैटिंग प्रैक्टिस करते समय एक ग्राउंड स्टाफ से ऑफ साइड के नेट्स खोलने को कहते हैं जिसके कुछ ही देर बाद उनके बैट से निकला एक शॉट सिबान बिस्वास नाम के एक ग्राउंड स्टाफ को घायल कर देता है।
रोहित के बैट से निकली बॉल सिबान बिस्वास के सीधा बाएं पैर के घुटने से टकराती है जिसके बाद वो दर्द से तड़प उठते हैं और जमीन पर ही बैठ जाते हैं। ये दुर्घटना होती देख रोहित काफी चिंतित हो जाते हैं और तुरंत ही बिस्वास के पास जाते हैं। खास बात तो ये है कि हिटमैन ये भी सुनिश्चित करते हैं कि सिबान बिस्वास को पूरी ट्रीटमेंट मिले।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घायल ग्राउंड स्टाफ सिबान बिस्वास ने खुद इस दुर्घटना पर बात की है। उन्होंने कहा, "जब रोहित शर्मा सर ने हमसे ऑफ-साइड का नेट हटाने के लिए कहा, तो हमने वैसा ही किया और एक तरफ खड़े हो गए। ठीक उसी समय जब मैं रस्सी लपेट रहा था तो मैंने पास में मौजूद खिलाड़ियों पर ध्यान नहीं दिया। उस वक्त गेंद मेरे बाएं घुटने पर आकर लगी।"
उन्होंने आगे कहा, इस घटना के तुरंत बाद रोहित उनके पास आए और उनकी चोट के बारे में पूछा। वे एक आइस पैक लेकर वापस आए और किसी को भेजकर उनके लिए दवा और पैर पर लगाने के लिए एक स्प्रे भी भिजवाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर साल 2026 के आईपीएल में रोहित शर्मा के प्रदर्शन की तो उन्होंने मुंबई इंडियंस के अब तक टूर्नामेंट में 5 मैच खेलकर 55.25 की औसत और 174.01 की स्ट्राइक रेट से 221 रन बनाए हैं। कुल मिलाकर वो कमाल की फॉर्म में हैं तो ऐसे में MI फैंस यही उम्मीद करेंगे कि वो अपनी ये फॉर्म बरकरार रखे हैं और टीम को आगामी मैच जितवाने में भी अहम भूमिका निभाए।