Namibia vs South Africa 2nd ODI: साउथ अफ्रीका ने शुक्रवार (11 सितंबर) को विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए मेजबान टीम को 157 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 335 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज कॉर्नर एस्टरहुइज़न (Connor Esterhuizen) और टोनी डी ज़ोर्ज़ी (Tony de Zorzi) ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 183 रन की बड़ी साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
कॉर्नर एस्टरहुइज़न ने शतक जड़ते हुए 110 गेंदों में 119 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं टोनी डी ज़ोर्ज़ी ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 87 गेंदों में 79 रन बनाए। इनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 37 रन और ईथन बॉश ने 29 रन जोड़े।
नामीबिया के लिए जैक ब्रासेल ने 4 विकेट लिए। रूबेन ट्रम्पेलमैन और जान बाल्ट को 2-2 विकेट मिले, जबकि निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 1 विकेट हासिल किया।
336 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के टॉप-3 बल्लेबाज माइकल वैन लिंगन, मलान क्रूगर और जान फ्राइलिंक अपना खाता तक नहीं खोल सके। पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने जरूर कुछ संघर्ष दिखाते हुए 84 गेंदों में 68 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक पाए और पूरी टीम 41.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
साउथ अफ्रीका की तरफ से डुआन जानसेन (Duan Jansen) ने 4 विकेट अपने नाम किए। ईथन बॉश ने भी 3 विकेट लिए, जबकि नकोबानी मोकोएना और जेसन स्मिथ को 1-1 सफलता मिली।