Nat Sciver-Brunt Record: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन नेट साइवर-ब्रंट (Nat Sciver-Brunt) ने बीते शुक्रवार, 12 जून को आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) के पहले मुकाबले में श्रीलंका (ENG-W vs SL-W) के खिलाफ 22 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्का ठोककर नाबाद 46 रनों की शानदार पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के दम पर उन्होंने महान शार्लेट एडवर्ड्स (Charlotte Edwards) का एक 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम दर्ज कर लिया है।
दरअसल, नेट साइवर-ब्रंट ने श्रीलंका के सामने 46 रन बनाकर महिला टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अपने 784 रन पूरे कर लिए हैं और अब वो इंग्लैंड के लिए इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वालीं खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर शार्लेट एडवर्ड्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया है, जिन्होंने महिला टी20 वर्ल्ड कप में 24 मैचों में 768 रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए महिला टी20 वर्ल्ड में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी
- नेट साइवर ब्रंट - 30 मैचों की 28 पारियों में 784 रन
- शार्लोट एडवर्ड्स - 24 मैचों की 24 पारियों में 768 रन
- डैनी व्याट-हॉज - 30 मैचों की 28 पारियों में 593 रन
- सारा टेलर - 24 मैचों की 24 पारियों में 541 रन
- हीथर नाइट - 29 मैचों की 26 पारियों में 505 रन
इंग्लैंड ने जीता मैच: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला गया था जहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था। इसके बाद इंग्लैंड ने डैनी व्याट (62 गेंदों पर नाबाद 105 रन), एमी जोन्स (38 गेंदों पर 53 रन) और नेट साइवर ब्रंट (22 गेंदों पर नाबाद 46 रन) की पारियों के दम पर 20 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 219 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में श्रीलंका के लिए नीलाक्षी डी सिल्वा (33 गेंदों पर 39 रन) और हर्षिता समरविक्रमा (18 गेंदों पर 29 रन) ने कुछ अहम रन जोड़े, लेकिन उनकी पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 132 रन ही बना सकी। तो ऐसे इंग्लैंड ने साल 2026 के महिला टी20 वर्ल्ड कप का पहला मैच 87 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अपने नाम किया।