England vs New Zealand 1st test: लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ ने एक ही ओवर में इंग्लैंड के सबसे बड़े बल्लेबाज जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स को आउट कर टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। पहले उन्होंने रूट को एलबीडब्ल्यू फंसाया और फिर शानदार गेंद पर स्टोक्स के स्टंप बिखेर दिए।
न्यूजीलैंड के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अपनी शानदार गेंदबाजी से तहलका मचा दिया। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार (5 जून) को मैच के दूसरे दिन अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही। बेन डकेट 33 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि एमिलियो गे ने 95 गेंदों में 57 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उनकी पारी का अंत भी नाथन स्मिथ ने ही किया। इसके अलावा जैकब बेथेल 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हैरी ब्रूक खाता भी नहीं खोल सके।
लगातार विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड को जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स से बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी। लेकिन नाथन स्मिथ ने 34वें ओवर में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया।
ओवर की पहली ही गेंद पर स्मिथ ने जो रूट को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर फेंकी गई थी और तेजी से अंदर की ओर आई। रूट डिफेंस करने गए, लेकिन गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकलकर पैड पर जा लगी। अंपायर ने तुरंत उंगली उठा दी। रूट ने रिव्यू जरूर लिया, लेकिन अल्ट्राएज में कोई एज नहीं मिला और बॉल ट्रैकिंग में गेंद स्टंप्स को छूती हुई दिखाई दी। अंपायर कॉल के चलते फैसला बरकरार रहा और रूट 19 गेंदों में 8 रन बनाकर लौट गए।
रूट के आउट होने के बाद बेन स्टोक्स क्रीज पर आए, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। उसी ओवर की चौथी गेंद पर स्मिथ ने एक और शानदार डिलीवरी फेंकी। स्टोक्स इस गेंद पर बचाव करना चाहते थे, लेकिन गेंद उनकी उम्मीद से ज्यादा मूव हुई और बल्ले को चकमा देते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई।
स्टंप्स बिखरते ही नाथन स्मिथ खुशी से झूम उठे, जबकि स्टोक्स बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड का स्कोर 127 रन पर 6 विकेट हो गया और टीम गहरे संकट में फंस गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो इंग्लैंड पहली पारी में सिर्फ 140 रन पर सिमट गई थी। टीम की ओर से हैरी ब्रूक ने 71 गेंदों में 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि न्यूजीलैंड भी पहली पारी में 113 रन पर ऑलआउट हो गई। ऐसे में दूसरी पारी में दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक बना हुआ है।