ICC Men's Cricket World Cup League 2 का 138वां मुकाबला बीते शनिवार, 17 अक्टूबर को ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था जहां कनाडा ने 256 रन डिफेंड किए और नेपाल को 24 रनों से मात दी। इसी बीच नेपाल के एक क्रिकेटर बासिर अहमद (Basir Ahamad) का ब्रेन फेड मूमेंट देखने को मिला। उन्होंने खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारकर कनाडा को अपना विकेट गिफ्ट किया।
ये घटना नेपाल की पारी के 30वें ओवर में घटी। कनाडा के लिए बाएं हाथ के स्पिनर सुखजिंदर सिंह गेंदबाज़ी कर रहे थे। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डिलीवर की जो कि पिच से टकराकर बल्लेबाज़ के लिए अंदर की तरफ घूमी। यहां बासिर अहमद चमका खा गए जिसके बाद गेंद विकेटकीपर के हाथों में पहुंच गई।
इसके बाद ही बासिर अहमद का ब्रेन फेड मूमेंट देखने को मिला। उन्होंने विकेटकीपर के हाथों में गेंद को देखा और फिर वो अचानक से रन लेने के लिए क्रीज से बाहर निकल गए। इसके बाद होना क्या था। कनाडा के विकेटकीपर, हमज़ा तारिक जो कि उनके कप्तान भी हैं, उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया और तुरंत ही स्टंप्स के ऊपर रखे बेल्स उड़ा दिए।
तो ऐसे बासिर अहमद ने कनाडा को अपना विकेट गिफ्ट किया और वो 13 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
एक बार फिर बता दें कि ओमान के Al Amerat ग्राउंड पर कनाडा ने नेपाल को 24 रनों से धूल चटाकर जीत हासिल की है। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी। इसके बाद मैदान पर टीम के सलामी बल्लेबाज़ युवराज समरा ने तूफान उठाया और 117 गेंदों पर 105 रनों की शतकीय पारी खेली। ऐसे कनाडा ने नेपाल के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में नेपाल के लिए भी सलामी बल्लेबाज़ अर्जुन कुमाल ने शानदार बल्लेबाज़ी की और 112 गेंदों पर 87 रन बनाए। हालांकि उनके अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज़ एक बड़ी पारी नहीं खेल सका। यही कारण है नेपाल की पूरी टीम 46 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 232 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।