NZ vs SA 2nd T20: मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) की कैप्टेंसी वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने मंगलवार, 17 मार्च को दूसरे टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 68 रनों से बुरी तरह हराकर बड़ी जीत हासिल की। गौरतलब है कि इसी के साथ मेजबान टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज (NZ vs SA T20 Series) में शानदार वापसी करते हुए सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खड़ा कर दिया है।
डेवोन कॉनवे ने ठोका पचासा: ये मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क स्टेडियम में खेला गया था जहां न्यूजीलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज़ डेवोन कॉनवे ने 49 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्के ठोककर 60 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि उनके अलावा न्यूजीलैंड के लिए जोश क्लार्कसन (09 गेंदों पर नाबाद 26 रन), निक केली (12 गेंदों पर 21 रन), मिचेल सेंटनर (14 गेंदों पर 20 रन) और कोल मैककोन्ची (12 गेंदों पर 18 रन) ने कुछ अहम रनों का योगदान किया जिसके दम पर न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के सामने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन जोड़े।
बात करें अगर साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों की तो वियान मुल्डर ने 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज और जार्ज लिंडे ने एक-एक विकेट लिया।
लॉकी फर्ग्यूसन और बेन सियर्स ने चटकाए तीन विकेट: न्यूजीलैंड की टीम के बल्लेबाज़ों ने अपने प्रदर्शन से टीम की जीत की नींव रख दी थी जिसके बाद कीवी गेंदबाज़ों ने अपनी घातक बॉलिंग से उस पर मुहर लगाई। आलम ये रहा कि बेन सियर्स ने 3 ओवर में 14 रन देकर साउथ अफ्रीका के 3 विकेट झटके, वहीं लॉकी फर्ग्यूसन ने भी 3.3 ओवर में 16 रन देकर विपक्षी टीम के तीन विकेट चटका डाले। उनके अलावा मिचेल सेंटनर ने 2 विकेट, वहीं कोल मैककोन्ची और जेम्स नीशम ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
107 रनों पर ऑल आउट हुई साउथ अफ्रीका: हैमिल्टन के मैदान पर मेहमान टीम के बल्लेबाज़ सिर्फ और सिर्फ संघर्ष करते नज़र आए। साउथ अफ्रीका के लिए जॉर्ज लिंडे ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 12 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। उनके अलावा रुबिन हरमन 12 गेंदों पर 19 रन, जेसन स्मिथ 13 गेंदों पर 12 रन और वियान मुल्डर 20 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। गौरतलब है कि टीम के 6 खिलाड़ियों तो सिंगल डिजिट स्कोर में पवेलियन लौटे जिस वज़ह से पूरी टीम 15.3 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 107 रनों पर सिमट गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह न्यूजीलैंड ने ये मुकाबला 68 रनों से जीता और सीरीज को 1-1 के लेवल पर कर दिया।