आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 11वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराकर लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की। कीवी टीम की इस जीत में उनके ओपनर्स फिन एलन और टिम सीफर्ट ने अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 174 रनों का लक्ष्य मिला था जिसे कीवी टीम ने बिना विकेट खोए 15.2 ओवर में हासिल कर लिया।
एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेले गए इस मैच में यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते यूएई एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। यूएई के लिए कप्तान मुहम्मद वसीम (70) और अलीशान शराफू (55) ने शानदार पारियां खेलते हुए अर्द्धशतक जड़े और अपनी टीम को 170 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों के अलावा मयंक कुमार ने भी 13 गेंदों में 21 रनों की तेज़ पारी खेली। न्यूजीलैंड की बॉलिंग की बात करें तो जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने 1-1 विकेट लिया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने तो पावरप्ले में ही यूएई को मैच से बाहर कर दिया। फिन एलन और टिम सीफर्ट की जोड़ी ने मिलकर पहले 6 ओवर में ही 78 रन बना दिए। इसके बाद भी ये जोड़ी नहीं रुकी और 15 ओवरों में ही कीवी टीम ने इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। टिम सीफर्ट ने अंत तक नाबाद रहते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए जबकि फिन एलन ने भी 50 गेंदों में 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 84 रन बनाए और टीम को आसान जीत दिला दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
कीवी टीम ने दो मैचों में लगातार दो जीत हासिल करके अपने ग्रुप के पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के बाद न्यूजीलैंड का नेट रनरेट भी काफी बेहतर हो गया है और अब ये ग्रुप काफी दिलचस्प हो गया है क्योंकि अगर अफगानिस्तान की टीम अपने अगले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं जीत पाई तो उनका सुपर-8 में जाने का सपना धरा का धरा रह जाएगा।