लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले गए आईपीएल (IPL 2026) के मुकाबले में एक बार फिर खिलाड़ियों के बीच हाई-वोल्टेज मोमेंट देखने को मिला। मैच के दौरान क्रुणाल पांड्या और निकोलस पूरन के बीच हल्की नोकझोंक हुई, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया। वहीं अब मुकाबले के बाद भी दोनों खिलाड़ियों का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला हमेशा से काफी रोमांचक और हाई-वोल्टेज रहा है। गुरुवार (7 मई) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच हल्का तनाव और फिर बाद में दोस्ताना अंदाज़ दोनों देखने को मिले।
दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के दौरान निकोलस पूरन जब बल्लेबाजी के लिए आए तो RCB के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने उनका स्वागत लगातार दो बाउंसर गेंदों से किया। दूसरी बाउंसर पर पूरन ने सिंगल लिया, लेकिन रन पूरा करने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान देखने को मिला और मैदान पर माहौल थोड़ा गर्म नजर आया।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद कहानी पूरी तरह बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में निकोलस पूरन और क्रुणाल पांड्या मजेदार अंदाज़ में एक-दूसरे से मस्ती करते दिखाई दिए। वीडियो में पूरन, क्रुणाल पांड्या की कॉलर पकड़कर उन्हें अपनी तरफ खींचते नजर आए। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने हंसते हुए हाथ मिलाया।
VIDEO:
गौरतलब है कि पूरन और क्रुणाल पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए साथ खेल चुके हैं। दोनों ने IPL 2023 और 2024 सीजन में एक साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया था, इसलिए उनके बीच अच्छी दोस्ती भी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मैच की बात करें तो बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे। टीम के लिए मिचेल मार्श ने शानदार शतक जड़ते हुए 56 गेंदों में 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। डीएलएस नियम के तहत 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने 61 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी। इस तरह LSG ने मुकाबला 9 रन से जीत लिया।