AFG vs ZIM 3rd T20I: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के युवा लेग स्पिन गेंदबाज नूर अहमद (Noor Ahmad) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। रविवार (1 नवंबर) को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नूर ने अपनी शानदार गेंदबाजी से जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया।
उन्होंने महज 3.3 ओवर में 13 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका पहला पांच विकेट हॉल रहा। वहीं इसके साथ ही उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भी जगह बना ली।
21 वर्षीय नूर अहमद अब जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में श्रीलंका के पूर्व दिग्गज स्पिनर अजंता मेंडिस पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ 8 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे। वहीं, पाकिस्तान के सूफियान मुकीम ने 2024 में 2.4 ओवर में 3 रन देकर पांच विकेट लिए थे और वह दूसरे स्थान पर हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन:
- 6/8 (4 ओवर) – अजंता मेंडिस, श्रीलंका (2012)
- 5/3 (2.4 ओवर) – सूफियान मुकीम, पाकिस्तान (2024)
- 5/13 (3.3 ओवर) – नूर अहमद, अफगानिस्तान (2026)
- 5/20 (4 ओवर) – मोसादेक हुसैन, बांग्लादेश (2022)
- 5/23 (4 ओवर) – इमरान ताहिर, साउथ अफ्रीका (2018)
नूर अहमद ने अफगानिस्तान की भी एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया है। उनका यह प्रदर्शन अफगानिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से चौथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इस लिस्ट में पहला स्थान अनुभवी लेग स्पिनर राशिद खान के नाम है। उन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ महज 2 ओवर में 3 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे।
अफगानिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन:
- 5/3 (2 ओवर) – राशिद खान बनाम आयरलैंड (2017)
- 5/9 (4 ओवर) – फजलहक फारूकी बनाम युगांडा (2024)
- 5/11 (4 ओवर) – करीम जनत बनाम वेस्टइंडीज (2019)
- 5/13 (4 ओवर) – समीउल्लाह शिनवारी बनाम केन्या (2013)
- 5/13 (3.3 ओवर) – नूर अहमद बनाम जिम्बाब्वे (2026)
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मुकाबले की बात करें तो नूर अहमद की घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 79 रन पर सिमट गई। इसके बाद अफगानिस्तान ने 80 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 8.1 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया और तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया।