साउथ अफ्रीका से करारी हार के बाद भारतीय टीम दबाव में है। सेमीफाइनल की राह मुश्किल होती दिख रही है और अब हर मुकाबला अहम बन चुका है। ऐसे में पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम संयोजन को लेकर अहम सुझाव दिया है, जो संतुलन और अनुभव दोनों ला सकता है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का अभियान सुपर 8 चरण में कठिन मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की बड़ी हार ने न सिर्फ टीम की लय तोड़ी, बल्कि अंक तालिका में उसकी स्थिति भी कमजोर कर दी है।
ग्रुप 1 में भारत तीसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो गया है। अब टीम को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बचे हुए दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे, तभी सेमीफाइनल की उम्मीदें जीवित रह सकेंगी।
इसी बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स में बीतचीत के दौरान गुरुवार (26 फरवरी) को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले के लिए टीम चयन पर अपनी राय रखी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि टीम में बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है, लेकिन एक अहम खिलाड़ी को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
पठान ने अनुभवी लेफ्ट ऑर्म स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पेटल को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि अक्षर पटेल बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ प्रभावी गेंदबाजी कर सकते हैं, जो जिम्बाब्वे के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
पठान ने यह भी कहा कि अक्षर का अनुभव टीम के काम आएगा और वह बल्लेबाजी क्रम में फ्लेक्सिबिलिटी भी प्रदान करते हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें ऊपर या नीचे किसी भी स्थान पर उतारा जा सकता है, जिससे टीम को संतुलन मिलेगा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में यही संतुलन भारत को कमजोर दिखा था।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब जब भारत के लिए हर मैच निर्णायक बन चुका है, ऐसे में अनुभवी और बहुमुखी खिलाड़ियों की भूमिका और भी अहम हो जाती है। जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारतीय टीम के लिए करो या मरो जैसा है, और देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन की क्या सोच रहती है।