हेमिल्टन, 28 नवंबर| न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी थी जिसकी यादें अभी भी इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट के लिए ताजा होंगी। क्योंकि इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को मात देना किसी भी स्थिति में आसान नहीं है। रूट की नजरें अब बेशक शुक्रवार से सेडन पार्क मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में वापसी करने पर होगी ताकि विश्व विजेता अपनी साख को बचा सके।

Advertisement

यह सीरीज आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा नहीं है इसलिए दोनों टीमों पर अंक बटोरने का दवाब तो नहीं है, लेकिन किवी टीम के लिए यह सीरीज घर में अपनी बादशाहत को बनाए रखने की बात है तो इंग्लैंड के लिए विदेशों में अपने प्रदर्शन को बेहतर करने की।

Advertisement

पहले मैच में बीजे वाटलिंग और मिशेल सैंटनर ने बेहतरीन पारियां खेल किवी टीम को मजबूत स्कोर दिया था। इसके बाद नील वेग्नर ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को सस्ते में समेट पारी से हार सौंपी थी।

मैच के बाद हालांकि इंग्लैंड के कप्तान रूट ने कहा था कि पहली पारी में अहम समय पर विकेट खोना टीम की हार का मुख्य कारण रहा। पहली पारी में इंग्लैंड एक समय चार विकेट के नुकसान पर 277 रनों पर अच्छी स्थिति में थी लेकिन 353 तक आते-आते उसने अपने सभी विकेट खो दिए थे।

रूट ने मैच के बाद कहा था कि टीम को वो बल्लेबाज चाहिए जो 100-200 बना सकें ताकि टीम को विशाल स्कोर मिल सका। इस मैच में इंग्लैंड की बल्लेबाजी क्या कर पाती है यह मैच में पता चलेगा। इसकी जिम्मेदारी हालांकि खुद कप्तान के कंधों पर सबसे ज्यादा होगी। मेहमान टीम के लिए एक चिंता भी है क्योंकि जोस बटलर को अभ्यास में चोट लग गई है और उनका दूसरे मैच में खेलना संदिग्ध है। उनके स्थान पर ओली पोप को मौका मिल सकता है।

रूट ने भी कहा है कि अगर बटलर नहीं खेलते हैं तो पोप विकेटकीपिंग करेंगे। रूट के लिए गेंदबाजी भी चिंता का विषय होगी। पहले मैच में उनके गेंदबाज किवी टीम के बल्लेबाजों को रोक नहीं पाए थे।

Advertisement

जोफ्रा आर्चर, स्टुअर्ट ब्राड और बेन स्टोक्स उनके गेंदबाजी आक्रमण की धुरी हैं।

एक ओर जहां इंग्लैंड एक खिलाड़ी की चोट से परेशान है तो किवी टीम को दो खिलाड़ी चोटिल हो कर बाहर हो गए हैं। तेज गेंदबाज ट्रैंट बाउल्ट पहले मैच के पांचवें दिन ही मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। वह दूसरे मैच में नहीं खेलेंगे। हरफनमौला खिलाड़ी कोलिन डी ग्रांडहोम भी चोटिल हैं।

बाउल्ट के स्थान पर डार्ली मिशेल को टीम में मौका मिला है लेकिन वह टेस्ट में खेलेंगे या नहीं यह बात तय नहीं है।

Advertisement

टीमें :

इंग्लैंड : जोए रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्‍स, जोस बटलर, जैक क्रोले, सैम कुरैन, जोए डेनले, जैक लीच, साकिब महमूद, मैट पार्किं सन, ओली पोप, डोम सिब्ले, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स।

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), टॉड एस्ले, टॉम ब्लंडल, लॉकी फग्र्यूसन, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), डार्ली मिशेल, हेनरी निकोलस, जीत रावल, मिशेल सैंटनर, टिम साउदी, रॉस टेलर, निल वेग्नर, बीजे वाटलिंग (विकेटकीपर)।

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार