मुल्तान में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पाकिस्तानी टीम ने शानदार गेंदबाज़ी की और पहले ही दिन इंग्लैंड को 281 के स्कोर पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान के लिए अच्छी शुरुआत नहीं हुई लेकिन कप्तान बाबर आज़म ने सउद शकील के साथ मिलकर टीम की मैच में वापसी कराई। बाबर आज़म जब दूसरे दिन बल्लेबाज़ी के लिए उतरे तो वो एक बार फिर शतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन ओली रॉबिंसन उनका रास्ता काट गए।

Advertisement

ओली रॉबिंसन ने मैच के अपने पहले ही ओवर में बाबर आज़म के शतक का सपना चकनाचूर कर दिया। इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने रॉबिंसन को दूसरे दिन उनका पहला ओवर दिया और रॉबिंसन ने अपने कप्तान को बिल्कुल भी निराश नहीं किया। रॉबिंसन की दूसरी ही गेंद हिली और वो बाबर आज़म को हिला गई।

Advertisement

रॉबिंसन की इनस्विंग गेंद बाबर के पैड और बल्ले को मिस करती हुई सीधा मिडल स्टंप से जा टकराई और उनका काम तमाम हो गया। बाबर आज़म आउट होने के बाद काफी निराश दिखे क्योंकि उन्हें भी पता था कि वो एक और शतक बना सकते थे लेकिन वो यहां चूक गए। क्लीन बोल्ड होने से पहले बाबर ने 95 गेंदों में 75 रनों की शानदार पारी खेली और ये सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान इस मैच में पिछड़ ना जाए।

इस सीरीज की बात करें तो इंग्लैंड ने रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 74 रन से जीतकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में अगर पाकिस्तान को अपनी सरज़मीं पर सीरीज हार से बचना है तो उन्हें इंग्लैंड को बाकी दोनों टेस्ट मैच जीतने से रोकना होगा और खुद भी एक टेस्ट मैच जीतना होगा। हालांकि, इस पूरी सीरीज में इतना तो तय है कि इंग्लिश टीम हर मैच का नतीजा निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार