PAK vs SL 3rd T20I: श्रीलंका ने मंगलवार (13 अक्टूबर) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका ने कप्तान कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) की कप्तानी पारी के दम पर 17 गेंदें शेष रहते इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 47 गेंदों पर 76 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। 

हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला और पाकिस्तान के कई प्रमुख बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। माज़ सदाकत बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि फखर जमान ने 12, हसन नवाज ने 16 और ख्वाजा नफे ने सिर्फ 3 रन बनाए। 

ऐसे में निचले क्रम में अराफात मिन्हास ने उपयोगी पारी खेलते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए और टीम को 168 के स्कोर तक पहुंचाया।

श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में दासुन शनाका सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट चटकाए। नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा को 2-2 विकेट मिले, जबकि विजयकांत को 1 सफलता मिली।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा सिर्फ 1 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद सिनेथ जयवर्धने ने कप्तान कुसल मेंडिस के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 59 रन की अहम साझेदारी हुई। जयवर्धने ने 26 गेंदों पर 38 रन बनाए और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने में मदद की।

जयवर्धने के आउट होने के बाद कामिंडु मेंडिस ने कप्तान का साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 98 रन की नाबाद साझेदारी कर पाकिस्तान की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

कुसल मेंडिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए। वहीं, कामिंडु मेंडिस ने 27 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों ने मिलकर श्रीलंका को 17.1 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद इमरान और अराफात मिन्हास को ही 1-1 विकेट मिल पाया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह श्रीलंका ने तीसरे टी20 मुकाबले में 8 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज को 2-1 पर खत्म किया। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार