Pakistan vs Australia 1st ODI: रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार (30 मई) को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले डेब्यूटेंट अराफात मिन्हास की घातक गेंदबाजों से ऑस्ट्रेलिया को 200 रन पर समेट दिया, जिसके बाद बाबर आजम और गाजी गौरी की शानदार साझेदारी की बदौलत आसानी से यह हासिल कर लिया।

Advertisement

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के इस पहले मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। टीम के लिए मैट रेनशॉ ने 63 गेंदों में 61 रन और मैथ्यू शॉर्ट ने 76 गेंदों में 55 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका।

Advertisement

एलेक्स कैरी 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान जोश इंगलिस 13 रन ही बना सके। मार्नस लाबुशेन और कैमरून ग्रीन तो खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के कारण ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 44.1 ओवर में 200 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान के लिए वनडे डेब्यू कर रहे 21 साल के स्पिन ऑलराउंडर अराफात मिन्हास ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा अबरार अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और सलमान अली आगा को 1-1 सफलता मिली।

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत शानदार नहीं रही। साहिबजादा फरहान 28 रन और माज सदाकत 8 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद बाबर आजम और गाजी गौरी ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 156 गेंदों में 127 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की। बाबर आजम ने 94 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं गाजी गौरी ने 92 गेंदों में 65 रन की शानदार पारी खेली और 8 चौके लगाए। इस साझेदारी ने मुकाबला पूरी तरह पाकिस्तान के पक्ष में मोड़ दिया। 

Advertisement

नतीजतन मेजबान टीम ने 42.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 45 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और सीरीज में मजबूत शुरुआत की है।

Also Read: LIVE Cricket Score

ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में नाथन एलिस ने 2 विकेट लिए, जबकि मैथ्यू कुह्नमैन और तनवीर संघा को 1-1 विकेट मिला।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार