India vs Pakistan ICC T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मैच में ना खेलने का फैसला वापस ले लिया है। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार (9 फरवरी) को X.com पर एक पोस्ट में कहा कि “प्राप्त परिणामों तथा मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए’ हमने भारत के खिलाफ अपने मैच के लिए टीम को मैदान में उतरने की अनुमति दी है।"
टी-20 वर्ल्ड कप में वित्तीय फायदे के लिहाज से भारत-पाकिस्तान का मुकाबला सबसे अहम है। लेकिन भारत के खिलाफ मैच ना खेलने की पाकिस्तान की धमकी के बाद, पिछले कुछ दिनों में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच काफी चर्चा हुई।
सोमवार शाम को पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा था कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच का फैसला अगले 24 से 48 घंटे के भीतर आएगा और इससे कुछ मिनट पहले ही आईसीसी ने भी बयान जारी किया था।
आईसीसी द्वारा जारी बयान में बताया गया कि टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने से इंकार करने के कारण टी-20 वर्ल्ड कप हटने पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को कोई दंड नहीं लगाया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें 2028-2031 के बीच आईसीसी इवमेंट की मेजबानी भी मिलेगी। नतीजतन बीसीबी ने एक बयान जारी कर पीसीबी को उसके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया, और उनसे भारत के खिलाफ अपना मैच खेलने का अनुरोध किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
रविवार को बीसीबी प्रमुख अमीनुल इस्लाम और आईसीसी के डायरेक्टर इमरान ख्वाजा पीसीबी के साथ बातचीत के लिए लाहौर पहुंचे थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि बांग्लादेश को बाहर किए जाने के बाद उनके साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के साथ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया था। बता दें कि आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के दौरान भी बीसीबी के अलावा पीसीबी ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से हटाने के फैसले के खिलाफ वोट किया था।