Pathum Nissanka Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तूफानी शतक ठोककर इतिहास रच दिया। इस यादगार पारी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप में ये कारनामा करने वाले श्रीलंका के दूसरे बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व महान बल्लेबाज महेला जयवर्धने की खास लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली।
उन्होंने सोमवार (16 फरवरी) को खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 30वें मुकाबले में शानदार शतक जड़ते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई। यह मैच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। निसांका ने सिर्फ 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 192 से ज्यादा का रहा। खास बात यह रही कि यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी खिलाड़ी द्वारा लगाया गया पहला शतक भी बन गया।
इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की ओर से सिर्फ पूर्व दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने ही शतक लगा पाए थे, जिन्होंने 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ यह कारनामा किया था। अब निसांका इस एलीट क्लब में शामिल होने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं।
इतना ही नहीं, यह निसांका का टी20 इंटरनेशल क्रिकेट में दूसरा शतक भी रहा। इससे पहले उन्होंने 2025 में भारत के खिलाफ भी सैकड़ा जड़ा था, जिसके साथ वह दो टी20 शतक लगाने वाले पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज बन चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड (56) और कप्तान मिचेल मार्श (54) की शतकीय साझेदारी के दम पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस (51) ने भी अहम पारी खेली और निसांका के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी निभाई। इस दमदार प्रदर्शन के चलते श्रीलंका ने महज 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार तीसरी जीत के साथ सुपर-8 में मजबूती से जगह बना ली।