गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने एक बार फिर गेंद से कमाल दिखाया। हिंगे ने पावरप्ले के अंदर ही शुभमन गिल और जोस बटलर को पवेलियन का रास्ता दिखाकर सनराइजर्स हैदराबाद को शुरुआत में ही दो बड़े झटके दे दिए।

Advertisement

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार (12 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 56वे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुरुआत से ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद के 24 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने एक बार फिर नई गेंद से शानदार लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए गुजरात को दो बड़े झटके दिए।

Advertisement

पारी के तीसरे ओवर में गेंदबाजी करने आए हिंगे ने दूसरी ही गेंद पर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल का विकेट झटक लिया। हिंगे ने ऑफ और मिडिल स्टंप पर फुल लेंथ गेंद डाली, जो हल्का अंदर की तरफ आई। गिल गेंद को हवा में खेलने की कोशिश में सही टाइमिंग नहीं कर पाए और मिड ऑन पर हेनरिक क्लासेन ने शानदार लो कैच पकड़ लिया। गिल सिर्फ 7 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद हिंगे ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में फिर कमाल दिखाया। ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने जोस बटलर को भी अपने जाल में फंसा लिया। गेंद लेग स्टंप की तरफ अंदर आती हुई थी और बटलर स्कूप खेलने की कोशिश में पूरी तरह चूक गए। विकेटकीपर ईशान किशन ने कैच पकड़ा और जोरदार अपील की। शुरुआत में अंपायर ने आउट नहीं दिया, लेकिन पैट कमिंस ने रिव्यू लिया और अल्ट्राएज में बल्ले का हल्का किनारा साफ दिखाई दिया। इसके बाद फैसला पलट गया और बटलर को पवेलियन लौटना पड़ा।

VIDEO:

इस विकेट के साथ ही जोस बटलर की पारी 11 गेंदों में 7 रन पर खत्म हो गई और गुजरात टाइटंस को पावरप्ले के अंदर ही 26 रन पर दूसरा बड़ा झटका लग गया।

Advertisement

टीमें इस मैच के लिए
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग XI): साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: प्रसिद्ध कृष्णा, साई किशोर, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स।

Also Read: LIVE Cricket Score

सनराइजर्स हैदराबाद (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: ट्रैविस हेड, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार