भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज में वो शुरुआत तो नहीं मिली थी जिसकी उम्मीद थी। बेशक सिर्फ एक घंटा खराब रहा था लेकिन इस एक घंटे ने भारत को सीरीज में 0-1 से पीछे कर दिया और अब कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में भारत शनिवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर दूसरा टेस्ट मैच खेलेगा और उसका लक्ष्य यह मैच जीतते हुए सीरीज में वापसी होगा। यह वही मैदान है जहां भारत ने 2018-19 में जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमाया था। इस मैदान पर भारत अपने पिछले दो मैच हारा नहीं है।

Advertisement

इस बार चुनौती काफी बड़ी है सिर्फ इसलिए नहीं कि भारत को पहले टेस्ट मैच मे आठ विकेट से हार मिली है और वह दूसरी पारी में 36 रनों पर ही ढेर हो गई थी जो उसका टेस्ट की एक पारी में न्यूनतम स्कोर है, इसलिए भी क्योंकि टीम में वो चार खिलाड़ी नहीं है जिन्होंने 2018 में टीम को बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच जिताया था।

कप्तान विराट कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट चुके हैं। रोहित शर्मा क्वारंटीन हैं और इसलिए खेल नहीं सकते। तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी चोट के कारण बाहर हैं।

दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के पास अपना फुल स्ट्रैंग्थ गेंदबाजी आक्रमण है और स्टीव स्मिथ के आने से उसकी बल्लेबाजी भी मजबूत हो गई है। स्मिथ पिछली सीरीज में बॉल टेम्परिंग के कारण लगे प्रतिबंध के चलते बाहर थे।

भारत ने अपनी प्लेइंग XI का ऐलान शुक्रवार को ही कर दिया है और एक संतुलित टीम चुनी है। टीम में ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी हुई है जो अनफिट होने के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेले थे। जडेजा के आने से टीम को पांचवें गेंदबाज और सातवें-आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाला खिलाड़ी मिला।

सलमी जोड़ी में बदलाव देखा जाएगा। पृथ्वी शॉ के स्थान पर शुभमन गिल को पदार्पण का मौका मिला है। शॉ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में सिर्फ चार ही बना पाए थे। गिल एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं। उन्होंने अभ्यास मैच में अर्धशतक भी जमाए थे।

शमी की जगह टीम प्रबंधन ने मोहम्मद सिराज को मौका दिया है। सिराज भी पदार्पण करेंगे।

मैच की पूर्व संध्या पर रहाणे ने अपने रोल और भारत के एमसीजी में रिकार्ड पर बात की।

रहाणे ने कहा, "भारत की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है, लेकिन फोकस मेरे पर नहीं टीम पर होगा।"

उन्होंने कहा, "एमसीजी में हमारा रिकार्ड शानदार है, लेकिन हमारे लिए जरूरी है कि हम कल शुरुआत अच्छी करें। 2018 और 2014 में हमारा रिकार्ड इस मैदान पर शानदार था, लेकिन यह इसी पल में रहने और स्थिति के हिसाब से खेलने की बात है।"

 

उन्होंने कहा, "2018 में विकेट थोड़ी अलग थी लेकिन जब 2014 में हम यहां खेले या दूसरी टीमें भी वहां खेलीं तो यह अच्छी विकेट थी। यह विकेट अच्छी खेली। कल अलग होगा। हम नहीं जानते। हमें देखना होगा और जल्दी से जल्दी तालमेल बिठाना होगा।"

भारत ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया को इस मैदान पर 137 रनों से हराया था। 2014 में मौजूदा टीम के चार खिलाड़ियों ने इस मैदान पर बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेला था। उस मैच में रहाणे और कोहली ने अच्छा प्रदर्शन किया था और मैच ड्रॉ कराया था। रहाणे ने पहली पारी में 147 और दूसरी पारी में 48 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने गुरुवार को कहा था कि भारत कोहली और शमी के बिना कमजोर होगी।

वहीं रहाणे ने कहा कि टीम इस समय खेल पर ध्यान दे रही माइंड गेम्स पर नहीं।

ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक अपनी प्लेइंग XI का ऐलान नहीं किया है लेकिन कोच ने ऐसे संकेत दिए थे कि टीम बिना बदलाव के उतर सकती है।

इस मैच का भारत में सीधा प्रसारण भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजे से सोनी सिक्स, सोनी टेन1 और सोनी टेन3 चैनलों पर किया जाएगा। भारत में इस मैच का प्रसारण हिंदी और अंग्रेजी के कुछ क्षेत्रीय भाषाओं में भी हो रहा है।

टीमें :

भारत : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्ग जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: टिम पेन (कप्तान), जो बर्न्‍स, पैट कमिंस, कैमरून ग्रीन,जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, नाथन लॉयन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मैथ्यू वेड।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार