Quinton de Kock Record: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का 23वां मुकाबला गुरुवार, 09 जुलाई को एमआई न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स (MINY vs SFU) के बीच डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) के विकेटकीपर बल्लेबाज़ क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) एक साथ कई खास रिकॉर्ड बना सकते हैं।
450 टी20 मैच: सबसे पहले ये जान लीजिए कि 33 वर्षीय क्विंटन डी कॉक डलास के मैदान पर अपना 450वां टी20 मैच खेलने वाले हैं। इस मुकाबले के लिए मैदान पर कदम रखते ही वो दुनिया के ऐसे सिर्फ 19वें खिलाड़ी बनेंगे जिसने 450 या उससे ज्यादा टी20 मैच खेले हैं। टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड के नाम दर्ज है जो कि 742 टी20 मैच खेल चुके हैं।
1000 MLC रन: क्विंटन डी कॉक मेजर लीग क्रिकेट में अब तक 33 मुकाबले खेलकर लगभग 30 की औसत और 140.44 की स्ट्राइक रेट से 948 रन बना चुके हैं। वो डलास के मैदान पर सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ 52 रन जोड़ते हैं तो इस टूर्नामेंट में अपने हजार रन पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। MLC में अब तक सिर्फ फाफ डु प्लेसिस (33 मैचों में 1142 रन) और निकोलस पूरन (35 मैचों में 1135 रन) ने कारनामा किया है।
MLC में 50 छक्के: क्विंटन डी कॉक के पास SFU के खिलाफ अपनी बैटिंग से धमाल मचाकर मेजर लीग क्रिकेट में अपना छक्कों का अर्धशतक पूरा करने का सुनहरा मौका है। वो MLC में अब तक 33 मैचों में 47 सिक्स लगा चुके हैं। यानी वो इस आंकड़ें को छूने से सिर्फ 3 छक्के दूर हैं।
बताते चलें कि USA की इस टी20 लीग में सिर्फ चार खिलाड़ियों ने पचास या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में निकोलस पूरन (35 मैचों में 67 छक्के), फिन एलिन (30 मैचों में 65 छक्के), फाफ डु प्लेसिस (33 मैचों में 63 छक्के) और मैट शॉर्ट (26 मैचों में 50 छक्के) शामिल हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
एमआई न्यूयॉर्क टीम: मोनांक पटेल, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), निकोलस पूरन (कप्तान), कीरोन पोलार्ड, तजिंदर ढिल्लन, कोरी एंडरसन, रोमारियो शेफर्ड, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बाउल्ट, नोस्टुश केनजिगे, रुशिल उगरकर, कुंवरजीत सिंह, सनी पटेल, ट्रिस्टन लुस, एएम ग़ज़नफ़र, फैसल खान अहमदजई, अग्नि चोपड़ा, रयान रिकेलटन, शाकिब अल हसन।