अफगानिस्तान के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ के पास भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। वह इस मुकाबले में सिर्फ 10 रन बनाते ही यह खास उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

Advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (17 जून) को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अफगानिस्तान के स्टार ओपनर और विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।

Advertisement

24 वर्षीय गुरबाज़ वनडे क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने से सिर्फ 10 रन दूर हैं। अगर वह लखनऊ में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज 2000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके साथ ही वह अपने ही साथी खिलाड़ी रहमत शाह का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।

फिलहाल अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज 2000 वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड रहमत शाह के नाम है, जिन्होंने 57 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। गुरबाज़ के नाम अभी 53 पारियों में 1990 रन दर्ज हैं। ऐसे में 10 रन बनाते ही वह सिर्फ 54वीं पारी में 2000 रन पूरे कर लेंगे और नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज 2000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज (पारियों के हिसाब से)

  1. रहमत शाह – 57 पारी
  2. मोहम्मद शहजाद – 62 पारी
  3. हश्मतुल्लाह शाहिदी – 70 पारी

गुरबाज़ के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने 53 पारियों में 38.26 की औसत से 1990 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। कम उम्र में ही वह अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत बन चुके हैं।

Advertisement

भारत के खिलाफ पहले वनडे में भी गुरबाज़ ने अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया था। धर्मशाला में बारिश से प्रभावित मुकाबला 25-25 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन गुरबाज़ ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो वनडे क्रिकेट में किसी भी अफगान बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है।

Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि उनकी विस्फोटक पारी के बावजूद अफगानिस्तान को पहले वनडे में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने 194 रन के लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब लखनऊ में होने वाले दूसरे वनडे में एक बार फिर अफगानिस्तान की उम्मीदें गुरबाज़ पर टिकी होंगी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार