Rahmat Shah Completes 1000 Test Runs: भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में रहमत शाह ने बड़ा इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार (7 जून) को अफगानिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। 32 साल के दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए।
उनके नाम अब 12 मैचों में 1013 टेस्ट रन हो चुके हैं और इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 48.23 का रहा है। यह उपलब्धि अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद खास है, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में अब तक कोई भी अफगानी बल्लेबाज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया था।
रहमत शाह सिर्फ 1000 रन पूरे करने वाले पहले अफगानी खिलाड़ी ही नहीं हैं, बल्कि वह इस समय अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। इस मामले में उनके बाद हश्मतुल्लाह शाहिदी और इब्राहिम जादरान का नाम शामिल है।
अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज:
- रहमत शाह – 1013 रन
- हश्मतुल्लाह शाहिदी – 791 रन
- इब्राहिम जादरान – 602 रन
- असगर अफगान – 440 रन
- अफसर जजई – 370 रन
रहमत शाह की अब तक की टेस्ट में सबसे चर्चित पारी 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ आई थी, जब उन्होंने शानदार 234 रन बनाए थे। उस सीरीज में उन्होंने दो शतक भी जड़े थे और अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हुए थे। यही वजह है कि भारत के खिलाफ इस टेस्ट में भी टीम की उम्मीदें काफी हद तक उन्हीं पर टिकी हुई हैं।
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहली पारी में दमदार बल्लेबाजी करते हुए 564 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और दूसरे दिन अपनी पारी घोषित कर दी। कप्तान शुभमन गिल ने 177 गेंदों में 126 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 100 रन बनाए। साईं सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन का योगदान दिया और ऋषभ पंत ने भी 121 गेंदों में 81 रन की उपयोगी पारी खेली। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 6 विकेट झटके।
564 रन के जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 39.5 ओवर में सिर्फ 133 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। टीम अभी भी भारत के पहली पारी के स्कोर से 451 रन पीछे है।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि एक छोर पर रहमत शाह मजबूती से डटे हुए हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वह 81 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद थे। ऐसे में अफगानिस्तान की उम्मीदें अब काफी हद तक उनके बल्ले पर टिकी हुई हैं।