IPL 2026, Rajasthan Royals vs Delhi Capitals Highlights: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार (1 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 225 रन बनाए थे, लेकिन केएल राहुल और पथुम निसांका की शानदार शुरुआत कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वैभव सूर्यवंशी (4) और यशस्वी जायसवाल (6) जल्दी आउट हो गए।
इसके बाद कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी की। जुरेल ने 30 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि रियान पराग ने 50 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
मध्य ओवरों में रविंद्र जडेजा ने 20 रन जोड़े, जबकि आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने 12 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 225 रन तक पहुंचाया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए, जबकि काइल जैमीसन, टी नटराजन और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली।
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही। केएल राहुल और पथुम निसांका ने पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 110 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
निसांका ने 33 गेंदों में 62 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए नितीश राणा के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 61 रन की अहम साझेदारी की। नितीश राणा ने 17 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि राहुल ने 40 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद बचा-कुचा काम ट्रिस्टन स्टब्स (11 *रन 18 गेंद) और आशुतोष शर्मा (25 रन 15 गेंद) ने किया और चौथे विकेट के लिए 24 गेंदों में 49 रन जोड़कर टीम को 19.1 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने 5 गेंद शेष रहते 7 विकेट से ये मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे को ही 1-1 विकेट मिल पाया।