राजस्थान रॉयल्स ने सैम कुरेन (Sam Curran) की जगह श्रीलंका के कप्तान और ऑलराउंडर दसुन शनाका (Dasun Shanaka) को आईपीएल 2026 के लिए टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने सोमवार (23 मार्च) को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
शनाका 2 करोड़ रुपये में राजस्थान से जुड़ेंगे। उन्होंने श्रीलंका के लिए छह टेस्ट, 71 वनडे और 131 T20I मैच खेले हैं, और इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 3350 से ज़्यादा रन और 86 विकेट दर्ज हैं। हाल ही में खत्म हुए टी-20 वर्ल्ड कप में शनाका ने श्रीलंकाई टीम की कप्तानी की थी।
शनाका पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलने वाले थे। लेकिन राजस्थान की टीम में शामिल होने के लिए उन्होंने उस टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। शनाका इससे पहले गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेल चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट डायरेक्टर और हेड कोच कुमार संगकारा ने कहा, “सीज़न की शुरुआत से ठीक पहले सैम जैसे काबिल खिलाड़ी को खोने से हम निराश हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सैम बल्ले और गेंद, दोनों से ही टीम के लिए बहुत अहम योगदान देते हैं। हालांकि, हमें खुशी है कि हमें उनकी जगह एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है, दासुन शनाका। वह बल्ले से एक शानदार फिनिशर हैं और एक बेहतरीन ऑलराउंडर भी, जो हमारी टीम का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।”
कुरेन पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा थे लेकिन इस सीजन के ऑक्शन से पहले ट्रेड के जरिए राजस्थान की टीम में आए। लेकिन ग्रोइन में चोट के कारण वह आईपीएल 2026 से बाहर हो गए।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच 30 मार्च को गुवाहटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी। संजू सैमसन के चेन्नई में ट्रेड होने के बाद इस सीजन में रियान पराग को टीम की कमान सौंपी गई है।