IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। रसिख सलाम डार और भुवनेश्वर कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। इस शानदार गेंदबाजी के दम पर RCB ने LSG को 146 रन पर रोक दिया।
आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला बुधवार (15 अप्रैल) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को शुरुआती झटके जल्दी लग गए, जहां एडेन मार्कराम 12 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत सिर्फ 1 रन ही बना सके। इसके बाद निकोलस पूरन भी 1 रन पर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।
हालांकि मिचेल मार्श ने एक छोर संभालते हुए 32 गेंदों में 40 रन की पारी खेली और टीम को थोड़ा संभालने की कोशिश की। उनके अलावा मध्य ओवरों में आयुष बडोनी ने 24 गेंदों में 38 रन बनाए और कुछ हद तक पारी को आगे बढ़ाया।
पारी के आखिरी ओवरों में मुकुल चौधरी ने भी 28 गेंदों में 39 रन की अहम पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे पाए। टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जिसके चलते पूरी टीम 20 ओवर में 146 रन पर सिमट गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए गेंदबाजी में रसिख सलाम डार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा जोश हेजलवुड को भी 1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग XI): फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, मंगेश यादव।
Also Read: LIVE Cricket Score
लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग XI): एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: मणिमारन सिद्धार्थ, जॉर्ज लिंडे, मैथ्यू ब्रीट्जके, हिम्मत सिंह, मयंक यादव।