IPL 2026 Final, Rasikh Salam Dar Record: आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। रसिख ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 3 विकेट झटककर यह खास कारनामा किया।
आईपीएल 2026 के इस खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने अपनी गेंदबाजी से खूब प्रभावित किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस बड़े मुकाबले में उन्होंने गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और अपनी टीम के लिए मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई।
रसिख ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 27 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत गुजरात टाइटंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 155 रन का स्कोर ही बना सकी। फाइनल जैसे बड़े मंच पर उनका यह प्रदर्शन अब रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है।
इस प्रदर्शन के साथ रसिख सलाम डार आईपीएल फाइनल में 3 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ करनवीर सिंह ने किया था। करनवीर ने आईपीएल 2014 के फाइनल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 विकेट झटके थे।
आईपीएल फाइनल में अनकैप्ड खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन:
- करनवीर सिंह – 4 विकेट
- रसिख सलाम डार – 3 विकेट
- आर साई किशोर – 2 विकेट
- शादाब जकाती – 2 विकेट
- हरमीत सिंह – 2 विकेट
रसिख सलाम डार के लिए आईपीएल 2026 का सीजन भी यादगार रहा है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कई मौकों पर RCB के लिए अहम विकेट निकाले। 12 मैचों में उन्होंने 21.31 की औसत से 19 विकेट अपने नाम किए और टीम के गेंदबाजी आक्रमण का महत्वपूर्ण हिस्सा बने रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी इस बड़े मुकाबले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे और लगातार दबाव में दिखाई दिए। हालांकि वाशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभाले रखा और 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की जुझारू पारी खेली। उनकी बदौलत गुजरात टाइटंस किसी तरह 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।