विराट कोहली के टी-20 कप्तानी छोड़ने वाली बात पर भारतीय क्रिकेट फैंस और मैनेजमेंट में उथल-पुथल मचा हुआ है। कोहली ने दो दिन पहले ही एक पोस्ट करके ये जाहिर कर दिया कि 2021 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद वो टीम के लिए टी-20 की कप्तानी छोड़ देंगे।

इसी क्रम में आ रही एक बड़ी खबर के अनुसार भारतीय टीम के वर्तमान कोच रवि शास्त्री ने भी लगभग यह सुनिश्चित कर दिया है कि टी-20 वर्ल्ड कप उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा और उसके बाद वो कोचिंग पद को अलविदा कह देंगे। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

द गार्जियन से बातचीत करते हुए शास्त्री ने कहा, "मुझे लगता है कि मैंने सब कुछ पा लिया है।"

उन्होंने कहा," टेस्ट क्रिकेट में 5 साल नंबर वन रहना, ऑस्ट्रेलिया में दो बार जीतना, फिर इंग्लैंड में जीतना। मैंने माइकल अथर्टन से बातचीत की और कहा कि मेरे लिए यह बड़ी बात है कि हमने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया और कोविड के दौरान इंग्लैंड में भी जीत हासिल की। इंग्लैंड से हम 2-1 से आगे थे और लॉर्ड्स और ओवल में जीतना बेहद खास रहा।"

शास्त्री साल 2017 में टीम के हेड कोच बनने से पहले टीम के डायरेक्टर थे। क्योंकि उससे पहले भारतीय टीम के कोच रहे अनिल कुंबले और कोहली के बीच कई चीजों को लेकर अनबन हो गई थी।

शास्त्री ने आगे बात करते हुए कहा कि लिमिटेड ओवर क्रिकेट में भारत ने सभी देशों को उनकी सरजमी पर हराया है। अगर टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीत जाती है तो वह सोने पे सुहागा होगा। उन्होंने कहा कि जो भी उन्हें चाहिए था उन्होंने पा लिया है।

लेखक के बारे में

Shubham Shah
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार