IND vs SL: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की लंबे समय बाद क्रिकेट मैदान पर वापसी होने जा रही है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में उनके पास एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का शानदार मौका होगा।
भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर होगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की भी वापसी होने जा रही है।
आईपीएल 2026 के बाद यह पहला मौका होगा जब जडेजा मैदान पर उतरेंगे। आईपीएल के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में उन्हें आराम दिया गया था। इसके बाद इंग्लैंड दौरे की वनडे सीरीज में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। ऐसे में करीब दो महीने बाद जडेजा एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे।
बाएं हाथ के इस स्पिन ऑलराउंडर ने अब तक 89 टेस्ट मैचों में 25.11 की शानदार औसत से 348 विकेट अपने नाम किए हैं। अगर वह श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में सिर्फ दो विकेट और हासिल कर लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लेंगे। इसके साथ ही वह भारत की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे।
अब तक यह कारनामा सिर्फ चार भारतीय दिग्गज गेंदबाज ही कर पाए हैं। इस लिस्ट में अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह का नाम शामिल है। जडेजा इस खास क्लब में शामिल होकर भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों में अपनी जगह और मजबूत कर देंगे।
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
- अनिल कुंबले – 619 विकेट (123 मैच)
- रविचंद्रन अश्विन – 537 विकेट (106 मैच)
- कपिल देव – 434 विकेट (131 मैच)
- हरभजन सिंह – 417 विकेट (103 मैच)
- रविंद्र जडेजा – 348 विकेट (89 मैच)
रविंद्र जडेजा सिर्फ गेंदबाज ही नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में काफी समय से नंबर-1 ऑलराउंडर बने हुए हैं। भारतीय टीम को श्रीलंका की स्पिन मददगार पिचों पर उनसे एक बार फिर बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।