IND vs WI ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। इस सीरीज में लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे भारतीय अनुभवी स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के पास गेंद से बड़ा कमाल करने का मौका है। सीरीज में सिर्फ एक विकेट उन्हें एक दिग्गज गेंदबाज से आगे निकाल सकता है।
दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को दूसरा वनडे गुवाहाटी में होगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
इस सीरीज में जडेजा भी लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करते नजर आएंगे। जडेजा जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने अपना आखिरी वनडे जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अब अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में जडेजा को एक बार फिर वनडे टीम में अपनी जगह वापिस लेने का मौका मिला है। दोनों खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 की टीम में शामिल हैं।
इसके साथ ही जडेजा के पास वनडे क्रिकेट में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका है। जडेजा अगर सीरीज में सिर्फ एक विकेट चटका लेते हैं, तो वह भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
फिलहाल इस मामले में जडेजा की बराबरी वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज कोर्टनी वॉल्श (Courtney Walsh) से है। दोनों गेंदबाजों ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वनडे मैचों में 44-44 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में जडेजा के पास एक विकेट लेते ही वॉल्श को पीछे छोड़कर इस खास लिस्ट में नंबर-1 बनने का मौका होगा।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे में सबसे ज्यादा विकेट
- कोर्टनी वॉल्श – 38 मैच, 44 विकेट
- रवींद्र जडेजा – 32 मैच, 44 विकेट
- कपिल देव – 42 मैच, 43 विकेट
- अनिल कुंबले – 26 मैच, 41 विकेट
- मोहम्मद शमी – 18 मैच, 37 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score
जडेजा का वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड भी काफी अच्छा रहा है। उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ अब तक 32 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें 29.88 की औसत और 4.90 की इकॉनमी रेट से 44 विकेट अपने नाम किए हैं।