इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को भले ही 3-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम को इस दौरे से एक ऐसा युवा खिलाड़ी जरूर मिला, जिसने अपने प्रदर्शन से भविष्य की उम्मीद जगा दी है। 21 साल के रज़ाउल्लाह (Razaullah) ने अपने टेस्ट डेब्यू में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार खेल दिखाया और पाकिस्तान लौटते ही उन्हें फैंस का जबरदस्त प्यार मिला।
रज़ाउल्लाह के इस्लामाबाद एयरपोर्ट पहुंचते ही बड़ी संख्या में फैंस उनके स्वागत के लिए वहां मौजूद थे। लोगों ने युवा तेज गेंदबाज के साथ सेल्फी लेने और उन्हें बधाई देने की कोशिश की। इस दौरान फैंस ने जमकर नारे लगाए और उनका हौसला बढ़ाया। एयरपोर्ट पर हुए इस खास स्वागत के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।
VIDEO:
रज़ाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने पहली ही पारी में गेंद से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी सिर्फ चौथी गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद भी रज़ाउल्लाह ने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और इंग्लैंड की पहली पारी में कुल चार विकेट हासिल किए।
हालांकि, उनकी असली चर्चा दूसरी पारी में बल्ले से किए गए तूफानी प्रदर्शन के बाद हुई। पाकिस्तान की दूसरी पारी में रज़ाउल्लाह उस समय बल्लेबाजी करने उतरे जब टीम पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा था। नंबर-9 पर आए इस युवा खिलाड़ी ने बिल्कुल भी दबाव नहीं दिखाया और महज 63 गेंदों पर 81 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
अपनी इस पारी में रज़ाउल्लाह ने चार चौके और नौ छक्के लगाए।उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने एजबेस्टन में मौजूद दर्शकों को भी प्रभावित किया। पाकिस्तान भले ही यह मुकाबला नहीं बचा सका और इंग्लैंड ने आठ विकेट से जीत दर्ज करते हुए तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली, लेकिन रज़ाउल्लाह ने अपने डेब्यू से खास पहचान बना ली।