IPL 2026, Delhi Capitals vs Royal Challengers Bengaluru Highlights: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार (27 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम सिर्फ 75 रन पर ढेर हो गई, जिसके जवाब में RCB ने 6.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों ने भी धमाकेदार अंदाज में मैच खत्म किया।
आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनका यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही।
पहले ही ओवर में डेब्यू कर रहे साहिल पारख बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल 1 रन, समीर रिजवी 0 और ट्रिस्टन स्टब्स 5 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। कप्तान अक्षर पटेल भी खाता नहीं खोल सके और टीम का स्कोर सिर्फ 3.5 ओवर में 8 रन पर 6 विकेट हो गया।
हालांकि काइल जैमीसन ने 12 रन, डेविड मिलर ने 19 रन और अभिषेक पोरेल ने 30 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन कुल मिलाकर टीम की पूरी बल्लेबाजी लाइनअप फ्लॉप रही। दिल्ली के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए और पूरी टीम 16.3 ओवर में 75 रन पर सिमट गई।
RCB के लिए गेंदबाजी में जोश हेजलवुड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट अपने नाम किए। क्रुणाल पंड्या, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार को 1-1 सफलता मिली।
76 रन के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत तेज रही। जेकब बेथेल ने 11 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में नाबाद 34 रन ठोक दिए। विराट कोहली भी 15 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम ने सिर्फ 6.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेंदबाजी में काइल जैमीसन ही एकमात्र विकेट ले सके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की और दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।