आईपीएल 2026 का पहले क्वालिफायर मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच मंगलवार (26 मई) को खेला जाना है। इस मुकाबले की मेजबानी धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट स्टेडियम करेगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में धर्मशाला के मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दिन मौसम कैसा रहने वाला है।
आईपीएल 2026 में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच क्वालिफायर-1 मैच के लिए मौसम का पूर्वानुमान अच्छा नहीं है। 26 मई को धर्मशाला में होने वाले इस मैच के मौसम से निराश होना पड़ सकता है, एक्यूवेदर के अनुसार बारिश होने की 58 प्रतिशत संभावना है। यहां 26 डिग्री सेल्शियस अधिकतम और 21 डिग्री सेल्शियस न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि क्वालिफायर1 के लिए कोई 'रिज़र्व डे' नहीं है। सिर्फ़ फ़ाइनल के लिए ही एक दिन रिज़र्व डे रखा गया है। ऐसे में अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो जाता है, और यहां तक कि एक छोटा मैच या 'सुपर ओवर' भी मुमकिन नहीं हो पाता, तो पॉइंट्स टेबल में जिस टीम की पोज़िशन ऊपर होगी, वही अगले राउंड में जाएगी। इसका सीधा सा मतलब ये है कि अगर मैच नहीं हो पाता है तो RCB बिना एक भी गेंद खेले सीधे फ़ाइनल में पहुंच सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि पॉइंट्स टेबल में दोनों ही टीमों ने 18-18 अंकों के साथ टॉप-2 में फिनिश किया है। आरसीबी का नेट रनरेट गुजरात से थोड़ा अधिक था इसलिए वो पहले स्थान पर रहे और अब अगर बारिश के कारण ये मैच नहीं हो पाता है तो उन्हें इसका सीधा फायदा मिल सकता है। वहीं, गुजरात के नजरिए से देखें तो वो बिल्कुल भी नहीं चाहेंगे कि धर्मशाला से बिना खेले वो चंडीगढ़ जाएं।