लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant 12 Lakh) पर शुक्रवार (15 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में धीमी ओवर-गति के लिए बीसीसीआई द्वारा जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल द्वारा जारी बयान में कहा गया है,“ लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर शुक्रवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 59वें मैच के दौरान उनकी टीम द्वारा धीमी ओवर-गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।
क्योंकि आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (जो न्यूनतम ओवर-गति से जुड़े उल्लंघनों से संबंधित है) के तहत इस सीज़न में उनकी टीम का यह पहला उल्लंघन था, इसलिए ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में लखनऊ ने चेन्नई को 7 विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए, जिसमें कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों में 71 रन बनाए। इसके अलावा शिवम दुबे ने 16 गेंदों में नाबाद 32 रन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों में 25 रन की पारी खेली।
लखनऊ के लिए गेंदबाजी में आकाश महाराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद ने 1-1 विकेट चटकाया।
जवाब में लखनऊ ने 16.4 ओवर में 3 विकेट गवाकर जीत हासिल कर ली। जिसमें मिचेल मार्श ने 38 गेंदों में 90 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं जोश इंग्लिस ने 32 गेंदों में 36 रन, निकोलस पूरन ने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन जोड़े।
चेन्नई के लिए मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन ने 1-1 विकेट अपने काते में डाला।