Rishabh Pant Captain Rest of India: वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली अगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अब एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंत को आगामी ईरानी कप के लिए एक मजबूत टीम की कमान दी गई है। इस मुकाबले में उनके पास एक बार फिर रेड बॉल क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों दिखाने का मौका होगा।
ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया का मुकाबला रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर से होगा। पंत इस मुकाबले में रेस्ट ऑफ इंडिया के मुख्य विकेटकीपर होने के साथ-साथ कप्तान भी होंगे। पंत को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं दी गई। वनडे टीम में ईशान किशन की गैरमौजूदगी में विकेटकीपर के विकल्प के तौर पर केएल राहुल के साथ ध्रुव जुरेल को प्राथमिकता दी गई है। ऐसे में अब पंत के लिए ईरानी कप खुद को साबित करने का एक अहम मौका है।
रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में पंत के साथ सरफराज खान को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं विकेटकीपिंग के लिए आर्यन जुयाल को दूसरे विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। टीम में तेज गेंदबाज आकाश दीप का नाम भी शामिल है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा। तेज गेंदबाजी में उनके अलावा मुकेश कुमार और मुकेश चौधरी को भी टीम में जगह मिली है। स्पिन विभाग में मानव सुथार और सारांश जैन जैसे खिलाड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। यह पांच दिवसीय मुकाबला 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक खेला जाना है।
Also Read: LIVE Cricket Score
रेस्ट ऑफ इंडिया की पूरी टीम
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उपकप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप*, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय और आयुष दोसाजा।