India vs Afghanistan, One-off Test: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने शनिवार (6 जून) को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में टॉस के साथ ही इतिहास रच दिया।
पंत के टेस्ट करियर का यह 50वां मुकाबला है। वह भारत के लिए 50 या उससे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारत के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने 90 टेस्ट और सैयद किरमानी ने 88 टेस्ट मैच खेले हैं।
बता दें इसके अलावा भी इस मैच में पंत के पास इतिहास रचने का मौका होगा। अगर वह 6 छक्के जड़ लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के जड़ने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे क्रिकेटर बन जाएंगे।
इससे पहले जब भारतीय टीम आखिरी बार टेस्ट मैच खेलने उतरी थी, उसमें पंत टीम के उप-कप्तान थे और अब उनकी जगह यह जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए इस मुकाबले में मानव सुथार ने डेब्यू किया है। वहीं अफगानिस्तान के लिए नांगेलिया खरोटे अपना पहला मैच खेल रहे हैं।
टीमें इस प्रकार हैं
भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर ज़ज़ई (डब्ल्यू), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेलिया खरोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।
Also Read: LIVE Cricket Score